₹30 हजार रिश्वत लेते ब्लॉक पशु चिकित्सा कार्यालय का कर्मचारी गिरफ्तार
भुवनेश्वर.
ओडिशा विजिलेंस ने शनिवार को जाजपुर जिले के बडचणा ब्लॉक पशु चिकित्सा कार्यालय में पदस्थापित एक कर्मचारी शुभाशीष सामल को पोल्ट्री फार्मिंग योजना के तहत सब्सिडी राशि जारी करने के बदले ₹30,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया. विजिलेंस विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी बडचणा का कार्यक्रम सहायक के पद पर पदस्थापित था. विजिलेंस सूत्रों के अनुसार आरोपी को बडचणा के पास एनएच-16 स्थित गांठी चौक से उस समय पकड़ा गया, जब वह एक लाभार्थी से रिश्वत की रकम स्वीकार कर रहा था. जानकारी के मुताबिक, संबंधित लाभार्थी ने 12 दिसंबर 2024 को पोल्ट्री फार्मिंग योजना के तहत आवेदन किया था. परियोजना की लागत ₹7.20 लाख थी, जिसके विरुद्ध ₹4.32 लाख (60 प्रतिशत) की सब्सिडी स्वीकृत हुई थी. योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार, सब्सिडी दो चरणों में जारी की जानी थी—पहला चरण भवन निर्माण के बाद और दूसरा चरण पोल्ट्री इंडक्शन के बाद. निर्माण कार्य पूरा होने पर लाभार्थी को ₹2.16 लाख की पहली किश्त जारी की गयी, लेकिन दूसरे चरण का कार्य पूरा होने के बावजूद शेष सब्सिडी जारी नहीं की गयी. आरोप है कि कार्यक्रम सहायक शुभाशीष सामल ने दूसरी किश्त जारी करने और सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के लिए ₹40,000 (कुल सब्सिडी का लगभग 10 प्रतिशत) की रिश्वत मांगी. लाभार्थी द्वारा असमर्थता जताने पर आरोपी ने सौदेबाजी के बाद मांग घटाकर ₹30,000 कर दी. आरोपी ने धमकी दी थी कि यदि रिश्वत नहीं दी गयी तो वह दूसरी किश्त की फाइल आगे नहीं बढ़ाएगा. इससे परेशान होकर लाभार्थी ने ओडिशा विजिलेंस से शिकायत की. शिकायत के आधार पर जाल बिछाया गया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.