Rourkela News: अनुगूल में कार्य प्रगति पर, देवगढ़ और सुंदरगढ़ जिले में जमीन अधिग्रहण नहीं होना तालचेर-बिमलगढ रेलपथ परियोजना में बाधक

Rourkela News: तालचेर-बिमलगढ़ रेलपथ परियोजना में सुंदरगढ़ और अनुगूल जिले में जमीन अधिग्रहण नहीं होने के कारण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रही है.

Rourkela News: ओडिशा के अनुगूल, देवगढ़ व सुंदरगढ़ जिले की महत्वाकांक्षी रेलपथ परियोजना तालचेर-बिमलगढ़ रेलपथ का काम अनुगूल जिले में तो प्रगति पर है, लेकिन देवगढ़ व सुंदरगढ़ जिले में जिला प्रशासन की उदासीनता के कारण जमीन अधिग्रहण का काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है. जिससे इन दोनों जिलों में जमीन की समस्या बाधक बनी है. दूसरी ओर अनुगूल जिले में तालचेर से खमार तक नयी रेल लाइन बनाने का काम अप्रैल-2026 तक संपूर्ण होने की संभावना है. इसके बाद दो महीनों के अंदर ही तालचेर से खमार तक ट्रेन चलाने की योजना पर भी रेलवे काम कर रही है. लेकिन देवगढ़ व सुंदरगढ़ जिले में जमीन अधिग्रहण का काम पूरा न होने के कारण इस परियोजना को पूरा होने में वर्ष 2029 तक का समय लग सकता है.

तालचेर से खमार तक दो माह में शुरू हो सकता है ट्रेनों का परिचालन

जानकारी के अनुसार, करीब दो हजार करोड़ रुपयों की इस रेलपथ परियोजना का काम तालचेर-सुनाखनि-सामल-पाराबिल तक पूरा हो चुका है तथा अप्रैल महीने में तालचेर से खमार तक कुल 55 किलोमीटर की नयी रेल लाइन बनकर तैयार होने की संभावना है. इसके बाद जून 2026 में तालचेर से खमार तक रेलवे की ओर से ट्रेन सेवा भी शुरू की जा सकती है. वहीं खमार से श्रीरामपुर व पाल्लहड़ा तक रेल लाइन का काम दिसंबर 2026 तक पूरा होने की संभावना रेलवे से जुड़े सूत्रों ने जतायी है. साथ ही पाल्लहड़ा से बारकोट तक काम का टेंडर जल्द ही निकल सकता है. लेकिन बारकोट से लेकर महुलडीहा व सुंदरगढ़ जिले के बिमलगढ़ तक रेलपथ परियोजना का काम धीमी गति से चल रहा है. इसका सबसे बड़ा कारण यहां रेलपथ के लिए जरूरी जमीन का अधिग्रहण नहीं होना है.

सुंदरगढ़ और देवगढ़ के लोगों को 2029 तक करना पड़ सकता है इंतजार

इस रेल पथ के दायरे में आनेवाले देवगढ़ व सुंदरगढ़ जिले में जमीन अधिग्रहण से जुड़ी समस्या व पेचीदगी का समाधान करने में जिला प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी पहल न होने का आरोप सचेतन नागरिक मंच के अध्यक्ष व सामाजिक कार्यकर्ता बिमल बिसी ने लगाया है तथा उनका कहना है कि यदि यही हालत रही, तो जून-2026 से तालचेर से खमार तक रेल लाइन पर तो ट्रेन सेवा शुरू हो सकती है, लेकिन सुंदरगढ़ व देवगढ़ जिले के लोगों को इस परियोजना का लाभ लाने के लिए शायद 2029 तक इंतजार करना पड़ेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >