भुवनेश्वर: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रक्षाबंधन के अवसर पर गुरुवार को नयागढ़ जिले के लाठीपड़ा में सुभद्रा योजना की पांचवीं किस्त वितरित की. इस अवसर पर राज्य की एक करोड़ 3 लाख 26 हजार 162 लाभार्थियों के बैंक खातों में 5163 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गयी. इसमें नयागढ़ जिले की दो लाख 33 हजार 585 लाभार्थी शामिल हैं.
सुभद्रा योजना महिला सशक्तीकरण का प्रतीक
मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर सुभद्रा सहायता प्रदान करना उन्हें एक भाई का कर्तव्य निभाने जैसा अनुभव करा रहा है. सुभद्रा योजना महिला सशक्तीकरण का प्रतीक और राज्य की आधी आबादी के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता है. उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता देना ही सशक्तीकरण नहीं है, बल्कि उन्हें सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से आत्मनिर्भर बनाकर अपने जीवन से जुड़े फैसले स्वयं लेने का अधिकार देना वास्तविक सशक्तीकरण है.
आइआइएम संबलपुर और भारतीय स्टेट बैंक की सर्वे रिपोर्ट का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 80 प्रतिशत महिलाएं सुभद्रा सहायता राशि का उपयोग दीर्घकालीन आर्थिक सुरक्षा, व्यवसाय और विकास संबंधी गतिविधियों में कर रही हैं. वहीं, 87.19 प्रतिशत लाभार्थियों ने सुभद्रा योजना को बेहद उपयोगी बताया है. उन्होंने कहा कि महिलाओं के बैंक खाते के बैलेंस और मासिक खर्च में भी वृद्धि दर्ज की गयी है. मुख्यमंत्री ने नयागढ़ की रंजूबाला और सौदामिनी नंद, गंजाम की गौरी साहू, सुवर्णपुर की भारती जगदल और कोरापुट की आरती खोसला जैसी महिला उद्यमियों की सफलता को अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणादायक बताया.
27 लाख ‘लखपति दीदी’ बनाकर ओडिशा देश में पहले स्थान पर : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्धारित समयसीमा से पहले ही 27 लाख ‘लखपति दीदी’ तैयार कर ओडिशा देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है. उन्होंने महिला केंद्रित विभिन्न योजनाओं और राज्य बजट में महिलाओं के लिए 1,22,764 करोड़ के ऐतिहासिक प्रावधान का भी उल्लेख किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए गठित ‘वीमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म’ के माध्यम से उन्हें व्यवसाय शुरू करने के लिए मार्गदर्शन, कौशल प्रशिक्षण, बाजार से जोड़ने की सुविधा और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गयी है.
मुख्यमंत्री ने संसद में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के माध्यम से महिलाओं को राजनीतिक आरक्षण देने की पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की. उन्होंने प्रधानमंत्री के 17 सितंबर को होने वाले 76वें जन्मदिन के अवसर पर लोगों से दीप जलाकर उनके लिए आशीर्वाद की कामना करने का आग्रह भी किया.
शुरू होगा बृत्तांग सिंचाई परियोजना का काम
मुख्यमंत्री ने बताया कि नयागढ़ जिले के 2 लाख 33 हजार 585 पात्र लाभार्थियों को पांचवीं किस्त के रूप में ₹116.80 करोड़ प्रदान किये गये हैं. उन्होंने जिले के लोगों को आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार के सहयोग से जल्द ही नयागढ़ चीनी मिल की स्थापना के साथ बृत्तांग सिंचाई परियोजना का काम भी शुरू किया जायेगा. इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने कहा कि सुभद्रा योजना ने राज्य की एक करोड़ से अधिक महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक जीवन में बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है. महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने कहा कि सुभद्रा महिलाओं के सपनों, सम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन गयी है. पुरी सांसद डॉ संबित पात्र, कंधमाल सांसद सुकांत पाणिग्राही ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया.
क्योंझर और गंजाम की लाभार्थियों से मुख्यमंत्री ने किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्योंझर और गंजाम जिलों की सफल सुभद्रा लाभार्थियों तथा प्रशिक्षित लाभार्थियों से संवाद किया. इस अवसर पर ‘सुभद्रा वार्षिक रिपोर्ट 2025-26’, एसबीआइ सर्वे रिपोर्ट और सुभद्रा समीक्षा का भी विमोचन किया गया. कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त-सह-शासन सचिव डॉ मृणालिनी दर्शवाल, विभाग की निदेशक मोनिषा बनर्जी, नयागढ़ जिलाधिकारी मधुमिता रथ सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. खंडपड़ा विधायक एवं जिला योजना समिति के अध्यक्ष दुष्मंत कुमार स्वांई ने धन्यवाद ज्ञापित किया.
