Bhubaneswar News: छात्र और श्रमिक खरीद सकेंगे पांच किलोग्राम का एलपीजी सिलेंडर : ओडिशा सरकार

Bhubaneswar News: ओडिशा सरकार ने स्पष्टीकरण जारी कर कहा है कि छात्र और श्रमिक अब पांच किलोग्राम का एलपीजी सिलेंडर खरीद सकेंगे.

Bhubaneswar News: ओडिशा के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण विभाग ने पांच किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर के रिफिल को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए छात्रों और श्रमिकों को बड़ी राहत दी है. इससे पहले विभाग की ओर से छोटे एलपीजी सिलेंडरों के रिफिल पर संभावित प्रतिबंध के संकेत दिये गये थे. यह आशंका ईरान से जुड़े अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण आपूर्ति प्रभावित होने की संभावनाओं को लेकर जतायी गयी थी. इस घोषणा से खासकर हॉस्टल या किराये के मकानों में रहने वाले छात्र और दैनिक मजदूरी करने वाले श्रमिक चिंतित हो गये थे, जो खाना पकाने के लिए छोटे सिलेंडरों पर निर्भर रहते हैं.

वैध पहचान पत्र दिखाकर सिलेंडरों को करा सकेंगे रिफिल

विभाग ने अब स्पष्ट किया है कि पांच किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर के रिफिल पर कोई पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगाया गया है. छात्रों और श्रमिकों सहित पात्र उपभोक्ता वैध पहचान पत्र दिखाकर इन सिलेंडरों को रिफिल करा सकते हैं. विभाग के अनुसार, तेल विपणन कंपनियों द्वारा उपलब्ध कराये जा रहे पांच किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर बाजार में उपलब्ध रहेंगे. जिन उपभोक्ताओं ने ई-केवाइसी प्रक्रिया पूरी कर ली है, वे अपने पहचान दस्तावेज प्रस्तुत कर सिलेंडर खरीद भी सकते हैं. साथ ही विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध सिलेंडरों के उपयोग और कालाबाजारी के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. निष्पक्ष वितरण सुनिश्चित करने और दुरुपयोग रोकने के लिए संबंधित अधिकारी लगातार निगरानी रखेंगे. सरकार के इस स्पष्टीकरण से उन हजारों उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है, जो अपनी दैनिक जरूरतों के लिए पांच किलो एलपीजी सिलेंडर पर निर्भर हैं.

एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य : सचिव

ओडिशा में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है. यह बात राज्य के आपूर्ति सचिव संजय सिंह ने कही. उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने में एलपीजी को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाये गये हैं, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी हुई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ स्थानों पर पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता में अस्थायी दिक्कतें सामने आयी हैं, लेकिन स्थिति चिंताजनक नहीं है. एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है. पांच किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि तेल कंपनियां ई-केवाइसी के माध्यम से सिलेंडर उपलब्ध करा रही हैं. मजदूर और छात्र पहचान पत्र दिखाकर पांच किलोग्राम गैस सिलेंडर आसानी से प्राप्त कर सकते हैं. विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाकर भी इन सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रतिबंध केवल उन लोगों पर लागू है, जो बिना अनुमति के गैस का अवैध व्यापार कर रहे हैं. कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए विभाग द्वारा सख्त कदम उठाये जा रहे हैं. इसी क्रम में 3105 टंकियों को विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर जब्त किया गया है. इसके अलावा, विभाग खाद्य सामग्री की कीमतों और उपलब्धता पर भी नजर रखे हुए है, ताकि महंगाई और कृत्रिम कमी जैसी स्थितियों से बचा जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >