महुलपाली और कुचिंडा के मंदिरों में चोरी मामले में तीन नाबालिग समेत सात पकड़ाये

महुलपाली और कुचिंडा के मंदिरों में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी के गहने भी बरामद किए गए हैं।

बामड़ा : कीटनाशक दवा दुकान में हुई चोरी की जांच के दौरान पुलिस ने बामड़ा ब्लॉक के महुलपाली और कुचिंडा थाना क्षेत्रों में मंदिरों में चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है. इस मामले में कुल सात आरोपियों को पकड़ा गया, जिनमें गुरुंडिया और महुलपाली थाना क्षेत्र के तीन नाबालिग शामिल हैं. तीनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है.

कीटनाशक दवा दुकान में चोरी की जांच के दौरान पुलिस को मिली सफलता

जानकारी के अनुसार, पांच सितंबर की रात आठगांव चौक स्थित एक कीटनाशक दवा दुकान का ताला तोड़कर बदमाशों ने लैपटॉप, मोबाइल, साउंड बॉक्स और पांच हजार रुपये चोरी कर लिये थे. पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया था. इस संबंध में महुलपाली थाना में मामला दर्ज किया गया था. जांच के दौरान महुलपाली पुलिस ने कुसुमी गांव के महेश उरांव (21), विकास पात्र (21), रोहित कातुरी (20) तथा गुरंडिया थाना क्षेत्र के मयूरडिमा निवासी हीरालाल साबर उर्फ मिलू (23) को गिरफ्तार किया. इनके कब्जे से एक लैपटॉप, मोबाइल, लोहे की रॉड सहित अन्य सामान बरामद किये गये. चारों आरोपियों को सात सितंबर को कुचिंडा एसडीजेएम अदालत में पेश किया गया था. बाद में पुलिस ने महेश उरांव को रिमांड पर लेकर पूछताछ की.

आरोपियों ने कई मंदिरों को बनाया था निशाना

पूछताछ में विभिन्न मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ. इसे लेकर पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि यह आरोपी तुरेई तारिणी मंदिर, परुआभाड़ी हनुमान मंदिर, कुड़ापाड़ा जंघा बड़ा देव मंदिर, किरासासन स्वप्नेश्वर शिव मंदिर तथा कला परिषद में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल थे. तुरेई तारिणी मंदिर से देवी के सोने-चांदी के आभूषण और हुंडी की राशि तथा जंघा मंदिर से करीब 20 हजार रुपये चोरी किये जाने की जानकारी सामने आयी है. मंदिरों में चोरी के मामलों में तीन नाबालिगों की संलिप्तता भी सामने आयी. सुंदरगढ जिले के गुरुंडिया और संबलपुर जिला के महुलपाली थाना क्षेत्रों के इन नाबालिगों को संबलपुर जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश करने के बाद बाल सुधार गृह भेज दिया गया.

पुलिस की विशेष टीम ने चोरी हुए आभूषण बरामद किये, जांच जारी

एसपी मुकेश कुमार भामू के निर्देश पर कुचिंडा एसडीपीओ प्रदीप कुमार दास की देखरेख में महुलपाली और कुचिंडा थाना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लेकर विशेष टीम गठित की गयी थी. जांच के दौरान दो रिसीवरों के कब्जे से चांदी का मुकुट, चांदी की छतरी, कड़ी, झुमके, अंगूठी, बाला, झुटिया, टिकली और नाक फूल सहित चोरी का सामान बरामद किया गया. पुलिस द्वारा चोरी का और सामान बरामद करने तथा मामले में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए जांच जारी है. यह जानकारी कुचिंडा एसडीपीओ प्रदीप कुमार दास ने दी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By जगन्नाथ महतो

जगन्नाथ महतो को पत्रकारिता का 25 सालों का अनुभव है. वे वर्ष 2001 से इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने संबलपुर विश्वविद्यालय से स्नातक किया है. राजनीति और खेल की रिपोर्टिंग में इनकी विशेषज्ञता है. डिजिटल जर्नलिज्म का छह साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >