Rourkela News: राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) की ओर से बुधवार को सेक्टर-21 स्थित इस्पात अमृत वन, नयाबाजार में आयोजित सामूहिक पर्यावरण जागरुकता एवं पौधरोपण उत्सव में इस्पात शहर के विभिन्न विद्यालयों के 300 से अधिक छात्रों के साथ-साथ आरएसपी के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया.
वर्षभर में 4000 पौधे लगाने की योजना
आरएसपी के निदेशक प्रभारी आलोक वर्मा ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उत्सव का उद्घाटन किया. कहा कि हम सभी को प्रत्येक माह कम-से-कम एक पौधा लगाने और राउरकेला के हरित आवरण को और अधिक समृद्ध बनाने का संकल्प लेना चाहिए. कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक प्रभारी द्वारा प्रथम पौधा रोपित कर किया गया. इस अवसर पर उद्यान विभाग द्वारा स्वयं विकसित छतियाना, करंज, नीम, पातुली, जामुन, सुनारी, शीशम, बकुल, आंवला, कटहल, अमरूद तथा सीताफल सहित विभिन्न प्रजातियों के कुल 500 पौधे 1.07 एकड़ भूमि पर लगाये गये. बागवानी विभाग ने वर्ष भर में कुल 4,000 पौधे लगाने की योजना बनायी है.
मौके पर साथ में राउरकेला वन प्रभाग के प्रभागीय वन अधिकारी रविकांत मीणा, ओडिशा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ अनूप मलिक, कार्यपालक निदेशक (खान विकास-सीएमएलओ) बीके गिरि, कार्यपालक निदेशक (संकार्य) विश्वरंजन पलई, कार्यपालक निदेशक (खान-ओडिशा खान समूह-सीएमएलओ) एमपी सिंह, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) एसपाल चौधरी, मुख्य महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) सह अतिरिक्त प्रभार कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) राजेश दासगुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा) डॉ जयंत आचार्य, कई मुख्य महाप्रबंधक, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे एवं शिक्षक उपस्थित थे.
एनसीसी कैडेट्स ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेशकार्यक्रम का शुभारंभ सेक्टर-20 स्थित एसएसआरवीएम विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर आधारित एक भावपूर्ण गीत की प्रस्तुति से हुआ. कार्यक्रम के प्रारंभ में एसएसआरवीएम (सेक्टर-20), दिल्ली पब्लिक स्कूल (सेक्टर-14), गुरु नानक पब्लिक स्कूल (सेक्टर-21), डिसूजा स्कूल (सेक्टर-2) तथा सेक्टर-18 स्थित दीपिका इस्पात शिक्षा सदन के एनसीसी कैडेट्स ने पर्यावरण संरक्षण संबंधी तख्तियां एवं जागरुकता नारों के साथ आकर्षक प्रभात फेरी निकालते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर वातावरण को हरित संदेशों से गुंजायमान कर दिया.
मुख्य महाप्रबंधक (नगर अभियांत्रिकी एवं बागवानी) सीएम चुघ ने उपस्थित जनसमूह का स्वागत किया, जबकि उप महाप्रबंधक (बागवानी) टीबी टोप्पो ने कार्यक्रम का संचालन किया. महाप्रबंधक (बागवानी) डॉ अविजित बिस्वास के मार्गदर्शन में उद्यान विभाग द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया. उप महाप्रबंधक (जन स्वास्थ्य) दीपा लवंगारे ने एकल-उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर व्याख्यान दिया. उप महाप्रबंधक (सीएसआर) पी साहू ने धन्यवाद ज्ञापन किया.
