राउरकेला : ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री सुरेश पुजारी शनिवार को सुंदरगढ़ जिले के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे. उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया. मंत्री पुजारी ने सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने, वसुंधरा योजना के तहत पट्टा वितरण, वन अधिकार कानून के तहत अधिकार पत्र वितरण की स्थिति और हाइटेक सर्वे जैसे विषयों की समीक्षा की. इसके साथ ही सरकारी जमीन की सुरक्षा और उपयोग किये गये अनुदान का उपयोगिता प्रमाण पत्र दाखिल करने के संबंध में भी समीक्षा की. 2026 के लिए आपातकालीन राहत वितरण की स्थिति और प्रगति की भी समीक्षा की गयी.
शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रमों की स्थिति पर भी चर्चा
मंत्री ने जिले में इस साल बारिश से घरों, फसलों और बागवानी क्षेत्र में हुए नुकसान और सूखा खाद्य वितरण प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली. बैठक में खनन और औद्योगिक परियोजना, रेलवे परियोजना, लोक निर्माण विभाग और सिंचाई परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया की स्थिति पर प्रस्तुति दी गयी. विद्यालय और जन शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से जिले की स्वास्थ्य सेवा की स्थिति पर भी चर्चा हुई. इसमें संस्थागत प्रसव, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना-गोपबंधु जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों को स्वास्थ्य कार्ड वितरण और राष्ट्रीय कुष्ठ निवारण कार्यक्रम की स्थिति पर चर्चा हुई. जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति की भी समीक्षा की गयी. कितने केंद्रों के पास अपना भवन है, कितने किराये के मकान में और कितने अन्य भवनों में चल रहे हैं, इसकी विस्तृत जानकारी दी गयी.
टांगरपाली और लेफ्रीपाड़ा के लाभार्थियों में पट्टा वितरित
इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत मंत्री पुजारी ने वसुंधरा योजना के तहत टांगरपाली और लेफ्रीपाड़ा ब्लॉक के लाभार्थियों को पट्टा वितरित किया. उन्होंने सभी अधिकारियों को स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वच्छता की शपथ दिलायी. बैठक में जिला योजना समिति के अध्यक्ष और रघुनाथपाली के विधायक दुर्गा चरण तांती, जिलाधिकारी डॉ शुभंकर महापात्र, अतिरिक्त जिलाधिकारी सूरज पटनायक, अतिरिक्त जिलाधिकारी (राजस्व) अभिमन्यु मांझी, मुख्य विकास अधिकारी और कार्यकारी अधिकारी सुरंजन साहू, सुंदरगढ़ वन मंडल अधिकारी खुशवंत सिंह, राउरकेला वन मंडल अधिकारी रवि मीणा, बणई वन मंडल अधिकारी यशवंत सेठी, सदर उपजिलाधिकारी तेजस्विनी बेहेरा, बणई उपजिलाधिकारी संतोष पात्र, पानपोष उपजिलाधिकारी चंद्रकांत मल्लिक, सभी तहसीलदार और सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे.
