Bhubaneswar News: ओडिशा सरकार ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 250 एंबुलेंस जनता को समर्पित किया

Bhubaneswar News: मुख्यमंत्री मोहन माझी ने राज्य में आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के लिए 250 एंबुलेंस का लोकार्पण किया.

Bhubaneswar News: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए मंगलवार को 250 नयी एंबुलेंस को जनता को समर्पित किया. एक अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार ने पिछले साल 23 दिसंबर को पहले चरण में 150 एंबुलेंस जनता को समर्पित किया थीं. उन्होंने बताया कि दूसरे चरण के तहत मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कलिंगा स्टेडियम में 250 एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. अधिकारी के मुताबिक, राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से इस बेड़े के लिए लगभग 111 करोड़ रुपये खर्च किये हैं.

समय पर आपात स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है उद्देश्य : माझी

मुख्यमंत्री मोहन माझी ने कहा कि इन नयी एंबुलेंस को जनता को समर्पित करने का मकसद समय पर आपात स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना और अस्पतालों तक मरीजों के पहुंचने में लगने वाले वक्त को कम करना है. अधिकारियों ने बताया कि मौजूदा समय में ओडिशा में 866 एंबुलेंस उपलब्ध हैं, जबकि ‘जननी एक्सप्रेस’ योजना के तहत संचालित 500 एंबुलेंस खास तौर पर गर्भवती महिलाओं और बीमार बच्चों की जरूरतों को पूरा करती हैं. माझी ने कहा कि सभी ब्लॉक से जिला अस्पतालों तक और जिला अस्पतालों से कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तक निर्बाध एंबुलेंस सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाये जा रहे हैं.

राउरकेला और जयपुर हवाई अड्डों तक उपलब्ध होगी एंबुलेंस सेवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि विमान योजना के तहत राउरकेला और जयपुर जैसे हवाई अड्डों तक भी एंबुलेंस सेवाएं विस्तारित की जायेगी. गौरतलब है कि वर्तमान में राज्य के विभिन्न हवाई अड्डों के लिए पांच एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस तथा झारसुगुड़ा स्थित कैंसर अस्पताल के लिए दो एएलएस एंबुलेंस तैनात की गयी हैं. राज्यभर में प्रतिदिन औसतन 5,000 से अधिक मरीजों को एंबुलेंस सेवाओं के माध्यम से सरकारी अस्पतालों तक पहुंचाया जा रहा है. इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ मुकेश महालिंग, एकाम्र विधायक बाबू सिंह, स्वास्थ्य विभाग की आयुक्त-सह-सचिव अश्वती एस, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक डॉ वृंदा डी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >