Jharsuguda News: ओडिशा में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना का शुभारंभ किया गया. इस योजना के तहत राशन कार्ड धारकों को अतिरिक्त पांच किलोग्राम चावल प्रदान किया जायेगा. इसकी घोषणा मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने की है.
मुख्यमंत्री की पहल से कोई भी गरीब व्यक्ति भूखा नहीं सोयेगा : टंकधर
शुक्रवार काे बेहरामाल स्थित एमसीएल ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना का शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में बरगढ़ सांसद प्रदीप पुरोहित ने भाग लेते हुए कहा कि ओडिशा के विकास के लिए स्पष्ट लक्ष्य और उन्हें प्राप्त करने के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार किया जा चुका है. विधायक टंकधर त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना के लागू होने से कोई भी गरीब व्यक्ति भूखा नहीं रहेगा. उन्होंने कहा कि मंगल बाजार सैटेलाइट अस्पताल के आधुनिकीकरण, ग्रेन एटीएम की स्थापना तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में झारसुगुड़ा एक नये गौरवशाली अध्याय की रचना कर रहा है. कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आये 20 लाभार्थियों को राशन कार्ड वितरित किये गये. इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग की ‘पोषण योजना’ के अंतर्गत महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें डिजिटल दुनिया से जोड़ने के उद्देश्य से 10 स्मार्टफोन भी प्रदान किये गये.
खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना : भोई
””मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना”” का जिला स्तरीय कार्यक्रम सुंदरगढ़ विकास भवन सभागार में आयोजित किया गया. विधानसभा उपसभापति भवानी शंकर भोई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और लाभार्थियों को कार्ड वितरित किये. इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी. यह योजना राज्य सरकार की ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी पहल है. इसके तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) और राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (एसएफएसएस) के सभी पात्र लाभार्थियों को राज्य सरकार द्वारा प्रति व्यक्ति पांच किलो चावल बिल्कुल मुफ्त दिया जायेगा. अप्रैल, मई और जून महीनों का चावल लाभार्थियों को एक साथ वितरित किया जायेगा. इससे खाद्य सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी और गरीब, कमजोर व असहाय परिवारों के जीवन में बदलाव आयेगा.
लाभुकों में स्मार्ट फोन का वितरण
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना और सुभद्रा शक्ति योजना के लाभार्थियों में स्मार्टफोन वितरित किया. इस अवसर पर जिलापाल शुभंकर महापात्र, विशेष विकास परिषद के अध्यक्ष संतोष कुमार अमात, पूर्व विधायक कुसुम टेटे, मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला परिषद कार्यकारी अधिकारी सुरंजन कुमार साहू, उपजिलापल तेजस्विनी बेहेरा, जिला मुख्य आपूर्ति अधिकारी अजय कुमार रथ, अतिरिक्त जिला आपूर्ति अधिकारी संजय प्रधान, सहायक आपूर्ति अधिकारी लक्ष्मण मांझी और मनोज कुमार रथ व अन्य मौजूद थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.