कार्यालय के बाहर स्कॉर्पियो से मिले पांच लाख रुपये, राउरकेला आबकारी अधीक्षक गिरफ्तार

ओडिशा विजिलेंस ने राउरकेला के आबकारी अधीक्षक धनेश्वर बराड को 5 लाख रुपये की अवैध नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। उनके ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

राउरकेला : ओडिशा विजिलेंस ने शुक्रवार देर शाम राउरकेला आबकारी अधीक्षक कार्यालय कार्यालय के बाहर एक स्कॉर्पियो से पांच लाख रुपये बरामद किये हैं. विजिलेंस जांच में पता चला कि यह राशि आबकारी अधीक्षक ने एक शराब दुकान के सेल्समैन को उनके घर पहुंचाने के लिए यह राशि दी थी. जिसके बाद शनिवार को राउरकेला आबकारी अधीक्षक धनेश्वर बराड को गिरफ्तार कर सुंदरगढ़ विजिलेंस अदालत में पेश किया गया है.

ओडिशा विजिलेंस की टीम ने गुप्त सूचना पर की कार्रवाई

विजिलेंस के अधिकारियों ने शनिवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि विभाग को पक्की सूचना मिली थी कि बराड विदेशी शराब की दुकानों और एक्साइज लाइसेंस धारकों से अवैध वसूली में शामिल थे. जिसपर कार्रवाई करते हुए, विजिलेंस की एक टीम उनकी गतिविधियों पर लगातार कड़ी नजर रख रही थी. शुक्रवार शाम टीम ने राउरकेला के उदितनगर में आबकारी अधीक्षक कार्यालय के सामने एक स्कॉर्पियो को रोककर जांच की. इस गाड़ी का इस्तेमाल एक स्थानीय शराब की दुकान का सेल्समैन बराड के लिए पांच लाख रुपये नकद ले जाने के लिए कर रहा था.

पांच लाख रुपये के स्रोत के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं मिला

आबकारी अधीक्षक ने शराब दुकान के सेल्समैन को राशि घर पहुंचाने के लिए कहा था पूछताछ में सेल्समैन ने विजिलेंस अधिकारियों को बताया कि यह पैसा बराड ने उसे दिया था और इसे उनके घर पहुंचाने को कहा था. बराड ने अभी तक पांच लाख रुपये के स्रोत और मकसद के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दिया है. जिसके बाद विजिलेंस टीम ने नकदी जब्त कर ली और इसे अवैध तरीके से कमाई गयी संदिग्ध रकम माना. इसके बाद विजिलेंस अधिकारियों ने पूरी रकम जब्त कर ली. मामले में प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट, 1988 की धारा 13(2) और धारा 13(1)(बी) के तहत राउरकेला विजिलेंस थाना में 11 सितंबर, 2026 को केस नंबर-12 दर्ज किया गया है. रकम जब्ती के बाद आय से अधिक संपत्ति के मामले की जांच के लिए आबकारी अधीक्षक के कार्यालय और आवास पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया.

भुवनेश्वर में 2700 वर्ग फुट का दो मंजिला मकान व अन्य संपत्तियों का खुलासा

शुक्रवार राता राशि जब्ती के बाद ओडिशा विजिलेंस ने राउरकेला और भुवनेश्वर में आबकारी अधीक्षक धनेश्वर बराड के आवास पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया. तलाशी के दौरान विजिलेंस अधिकारियों को कई चल-अचल संपत्तियां और वित्तीय दस्तावेज मिले हैं. इनमें भुवनेश्वर के रघुनाथपुर में एक दो-मंजिला इमारत, जिसका बिल्ट-अप एरिया लगभग 2,700 वर्ग फुट है, भुवनेश्वर में एक और नयागढ़ के बाहरी इलाके में तीन प्लॉट, लगभग 33.97 लाख रुपये की बैंक जमा राशि और अन्य वित्तीय संपत्तियों का पता चला है. जांच के दौरान बरामद अन्य निवेश और जमा राशि से जुड़े दस्तावेज की अभी जांच-पड़ताल चल रही है. विजिलेंस अधिकारी बराड की चल-अचल संपत्तियों की कुल मात्रा का पता लगाने और उनके स्रोतों की पुष्टि करने के लिए दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >