Rourkela News: स्मार्ट सिटी को स्वच्छ रखने वाली महिला सफाई कर्मचारी सम्मानित

Rourkela News: आरएमसी की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सफाई कर्मचारियों के सम्मान में भोज आयोजित किया गया.

Rourkela News: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राउरकेला महानगर निगम (आरएमसी) क्षेत्र में कार्यरत महिला सफाई कर्मियों के सम्मान में भोज का आयोजन किया गया. सफाई कर्मचारियों की समर्पित सेवा के सम्मान में स्थानीय श्रमिक आवास स्थित कल्याण मंडप में उन्हें स्वादिष्ट भोजन परोसा गया. इस अवसर पर एक सम्मान सभा का आयोजन किया गया. राउरकेला विधायक शारदा प्रसाद नायक और रघुनाथपाली विधायक दुर्गा चरण तांती मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए. उन्होंने राउरकेला को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने में प्रमुख भूमिका निभाने वाली सफाई कर्मचारियों के प्रति आभार जताया.

शहर की सफाई के प्रति जागरूक बनें नागरिक

मुख्य अतिथियों ने कहा कि शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी केवल सफाई कर्मचारियों की नहीं है, बल्कि सभी नागरिकों को इस संबंध में सजग रहने की जरूरत है. इसके अलावा अतिथियों ने कहा कि यदि हम स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में अधिकतम वोट प्राप्त कर राउरकेला शहर को जीत दिला सकें, तो यह सफाई कर्मचारियों के लिए सबसे अच्छा पुरस्कार होगा. इस अवसर पर राउरकेला शहर में स्वच्छता प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कर्मचारियों को प्रमाणपत्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया. शहर को प्रतिदिन साफ-सुथरा रखने के लिए जिम्मेदार सफाई कर्मचारियों और उनके सहायकों, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई में लगी महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों तथा अपशिष्ट प्रबंधन केंद्रों, सामग्री रिकवरी केंद्रों और मल प्रबंधन केंद्रों की प्रभारी महिला कर्मचारियों को उनकी समर्पित सेवा के लिए सम्मानित किया गया. इस अवसर पर राउरकेला महानगर निगम अधिकारी आशुतोष कुलकर्णी, संयुक्त अधिकारी पल्लवी नायक, तरुण कांत, अनिता नायक, सहायक अधिकारी अजीत कुमार पटनायक सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे.

अतिथियों ने परोसा भोजन

कार्यक्रम में सफाईकर्मियों को प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने अपने हाथों से भोजन परोसा. सभी सफाईकर्मियों ने कतारबद्ध होकर अतिथियों से भोजन लिया. सफाई कर्मियों ने कहा कि यह अपने आप में एक अच्छा अनुभव है. खास दिवस पर यह आयोजन हुआ, जिसका हम सभी ने मिलकर लुत्फ उठाया.

बंडामुंडा : त्याग, संघर्ष एवं बलिदान की बदौलत महिलाओं ने बनायी पहचान

बंडामुंडा के डीजल कॉलोनी स्थित जगन्नाथ मंदिर कमेटी की ओर से शनिवार को बी सेक्टर स्थित कम्युनिटी हॉल में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया. इसका उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि राउरकेला विधायक शारदा प्रसाद नायक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. अतिथि के रूप में डॉ वीएन सिंह (सीएमएस, बंडामुंडा रेल अस्पताल), स्वागतिका मोहंती (अधिवक्ता), वी लावण्या (लेक्चरर, बिसरा कॉलेज) व स्नेहालता पंडा उपस्थित थीं. अतिथि वीएन सिंह ने कहा कि महिलाएं कहीं भी पीछे नहीं हैं. महिलाएं त्याग, संघर्ष एवं बलिदान की बदौलत आज महत्वपूर्ण पदों पर आसीन हैं, जो गर्व की बात है. मंदिर कमेटी की तृप्तिमई स्वांई ने महिला दिवस मनाने के उद्देश्य के बारे में बताया. महिलाओं के लिए इनडोर खेल प्रतियोगिता और बच्चों के लिए नृत्य प्रतियोगिता आयोजित हुई. अंत में रात्रि भोज का आयोजन किया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >