Rourkela News: वरिष्ठ श्रमिक नेता और सीटू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विष्णु मोहंती का निधन
Rourkela News: वरिष्ठ ट्रेड यूनियन नेता और सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष विष्णु मोहंती (74 वर्ष) का शनिवार तड़के भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया. मोहंती ने सुबह करीब 3:15 बजे अंतिम सांस ली. वह डायबिटीज से जुड़ी जटिलताओं से पीड़ित थे और कुछ समय से चिकित्सकीय देखरेख में थे.
ओडिशा में श्रम आंदोलन के स्तंभ थे विष्णु मोहंती
ओडिशा के श्रम आंदोलन के एक कद्दावर नेता विष्णु मोहंती का शनिवार को निधन हो गया. उन्होंने छात्र कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआइ) से जुड़े थे. छात्र जीवन में वह तीन बार राउरकेला साइंस कॉलेज (वर्तमान राउरकेला ऑटोनोमस कॉलेज) छात्र संघ के अध्यक्ष और तीन बार राउरकेला लॉ कॉलेज छात्र संघ के अध्यक्ष चुने गये थे.
आपातकाल में 24 महीनों तक जेल में रहे थे बंद:
सुंदरगढ़ जिले के एक प्रमुख छात्र नेता के रूप में 1975 के आपातकाल के दौरान उन्हें गिरफ्तार किया गया था. उन्हें 24 महीने जेल में बिताने पड़े थे. उन्होंने तालचेर-बिमलगढ़ रेल आंदोलन और राउरकेला में ठेका मजदूर आंदोलन सहित कई आंदोलनों में अहम भूमिका निभायी, जिसके कारण उन्हें कई बार जेल जाना पड़ा.
2000 से लगातार 26 वर्षाें तक रहे सीटू के राज्य महासचिव
विष्णु मोहंती माकपा राज्य सचिव मंडली के वरिष्ठ सदस्य बने और ओडिशा में सीटू के महासचिव के साथ-साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रहे. उन्होंने सुंदरगढ़ और राज्य भर के कई ट्रेड यूनियनों का नेतृत्व किया और विभिन्न संगठनों में अध्यक्ष व महासचिव जैसे पदों पर रहे. वर्ष 2000 से निधन तक वह लगातार 26 वर्षों तक सीटू के राज्य महासचिव रहे और ओडिशा के श्रम आंदोलन की सबसे प्रभावशाली आवाजों में से एक बन गये.
शक्तिनगर और सेक्टर-16 श्रमिक भवन में दी जायेगी श्रद्धांजलि
दिवंगत श्रमिक व माकपा नेता विष्णु मोहंती का पार्थिव शरीर भुवनेश्वर के राज्य कार्यालय से होकर कोइड़ा, काल्टा, रॉक्सी, राजामुंडा चौक होते हुए शनिवार शाम या रात में राउरकेला पहुंचने की संभावना है. यहां पर आने के बाद उनका पार्थिव शरीर छेंड में उनके आवास पर रखा जायेगा. रविवार सुबह 9:00 बजे उनका पार्थिव शरीर छेंड आवास से जुलूस के रूप में माकपा पार्टी ऑफिस शक्ति नगर में रखा जायेगा और सुबह 10 बजे सीटू जिला कार्यालय, श्रमिक भवन, सेक्टर-16 में रखा जायेगा. वहां अलग-अलग राजनीतिक दल, ट्रेड यूनियन, सोशल, सामाजिक संगठन, सांसद, विधायक, राज्य और केंद्रीय स्तर के नेतागण कॉमरेड विष्णु मोहंती को आखिरी श्रद्धांजलि देंगे. बाद में उनका पार्थिव शरीर राउरकेला न्यू बस स्टैंड, राउरकेला वकील संघ कार्यालय से होकर वहां से अंतिम संस्कार के लिये वेदव्यास रवाना होंगे.
मजदूर नेता विष्णु मोहंती का निधन, मजदूर राजनीति के एक युग का समापन
राज्यसभा सांसद दिलीप राय, रघुनाथपाली विधायक दुर्गाचरण तांती, राउरकेला विधायक शारदा नायक समेत शहर के कई गणमान्य लोगों ने विष्णु मोहंती के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की है. सबने एक सुर में कहा कि संगठनात्मक क्षमता और श्रमिकों व वंचित समुदायों के हितों के प्रति समर्पण के कारण विष्णु मोहंती बेहद लोकप्रिय थे. वह कामगारों, राजनीतिक नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के बीच बेहद सम्मानित थे. विभिन्न राजनीतिक दलों, ट्रेड यूनियनों और सामाजिक संगठनों के नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. श्रमिकों के अधिकारों व सामाजिक न्याय के लिए उनके आजीवन संघर्ष को श्रद्धांजलि अर्पित की है. कामगार वर्ग के प्रति उनकी अमूल्य सेवा और समर्पित योगदान को आने वाले वर्षों तक याद रखा जायेगा. राउरकेला श्रमिक संघ के महासचिव प्रशांत बेहेरा, राउरकेला बार एसोसिशसन के अध्यक्ष सदानंद साहू, समाजसेवी हरि राउतराय, पूर्व नगरपाल निहार राय, जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रवि राय व अन्य ने भी शोक संवेदना व्यक्त की है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.