Bhubaneswar News: ओडिशा की भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर 10 दिवसीय समारोह का आयोजन होगा

Bhubaneswar News: ओडिशा में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर 10 दिवसीय कार्यक्रम सादगी से आयोजित करने का निर्णय लिया गया है.

Bhubaneswar News: ओडिशा सरकार ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 10 दिवसीय समारोह आयोजित करने का निर्णय गुरुवार को लिया है. इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 12 से 21 जून के बीच आमंत्रित किया जायेगा. यह निर्णय मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में हुई एक प्रारंभिक बैठक में लिया गया. बैठक के बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने यह जानकारी दी. पुजारी ने बताया कि पिछले साल प्रधानमंत्री ओडिशा में भाजपा सरकार के एक साल पूरा होने के मौके पर आयोजत समारोह में शामिल हुए थे.

तैयारी बैठक में सादगी से समारोह आयोजित करने का लिया गया निर्णय

गुरुवार को लोकसेवा भवन में एक तैयारी बैठक मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में हुई. एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रधानमंत्री की सोच-समझकर खर्च करने की अपील को ध्यान में रखते हुए समारोह सादगीपूर्ण तरीके से मनाया जायेगा. बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री माझी ने मंत्रियों और अधिकारियों को सरकार की उपलब्धियों को पेश करने के लिए भव्य आयोजनों के बजाय सूचना प्रसार के माध्यम का उपयोग करने को कहा है. ओडिशा में साल 2000 से नवीन पटनायक के नेतृत्व में शासन कर रही बीजू जनता दल (बीजद) को हराकर भाजपा ने 12 जून 2024 को सरकार बनायी थी.

सरकार की उपलब्धियां जनता के सामने प्रभावी ठंग से प्रस्तुत की जायें : माझी

मुख्यमंत्री माझी ने जोर देते हुए कहा कि कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाना होना चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा लागू जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को हो रहे लाभ को प्रभावी ढंग से जनता के सामने प्रस्तुत किया जाये. बैठक में निर्णय लिया गया कि सरकार की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से किया जायेगा. इसके अलावा विभिन्न विभागों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिकाएं और सूचना सामग्री भी प्रकाशित की जायेगी.

राज्य व जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम सात प्रमुख थीम पर होंगे आधारित

राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 12 से 21 जून तक राज्य और जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. इन कार्यक्रमों को सात प्रमुख थीमों (शक्ति ओडिशा, समृद्ध कृषि ओडिशा, स्वस्थ ओडिशा, निर्माण ओडिशा, उत्कर्ष ओडिशा, जनशक्ति ओडिशा तथा कौशल ओडिशा) के आधार पर आयोजित किया जायेगा. इसके साथ ही वर्ष 2026 से 2036 तक राज्य सरकार के लक्ष्यों और विकास दृष्टिकोण को भी कार्यक्रमों में शामिल किया जायेगा.

विभागों की प्रगति पर पुस्तिकाएं और लीफलेट प्रकाशित करेंगे मंत्री

मुख्यमंत्री ने सभी विभागीय मंत्रियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभागों की दो वर्षों की उपलब्धियों पर पत्रकार सम्मेलन आयोजित करें तथा संबंधित विभागों की प्रगति पर आधारित पुस्तिकाएं और लीफलेट प्रकाशित करें. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य की समृद्धि और जनकल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को प्रभावी रूप से लोगों तक पहुंचाया जा सकेगा. बैठक में उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव, उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी, कानून एवं लोक निर्माण मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, पंचायतीराज एवं पेयजल मंत्री रवि नारायण नायक, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रकाश मिश्र , मुख्य सचिव तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >