मध्य प्रदेश में उफनते नाले में गिरी कार, भुवनेश्वर के एक ही परिवार के सात लोगों समेत आठ की मौत

मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. बारिश के पानी से उफन रहे नाले में कार गिर जाने से भुवनेश्वर के एक परिवार के सात सदस्यों सहित आठ लोगों की दुखद मौत हो गई. प्रधानमंत्री मोदी ने मुआवजे का ऐलान किया है.

भुवनेश्वर : मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले में शनिवार तड़के एक कार के बारिश के पानी से उफन रहे नाले में गिर जाने से तीन बच्चों और दो महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गयी. इनमें से सात ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर (जयदेव विहार) के एक परिवार के सदस्य थे और आठवां व्यक्ति मध्यप्रदेश का रहने वाला वाहन चालक था. नलखेड़ा थाना प्रभारी शशि उपाध्याय ने बताया कि हादसा जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर नलखेड़ा कस्बे में बंग्लामुखी मंदिर के पास हुआ. मृतकों की पहचान शिवप्रसाद बेहेरा (43), रोजालिन बेहेरा (34), रीतारानी बेहेरा (36), ज्ञानेंद्र बेहेरा (40), साई स्वर्ण प्रभा बेहेरा (6), कृष्णा राजबीर (13) और साई स्वस्तिक बेहेरा (10) के रूप में हुई है. सभी भुवनेश्वर में जयदेव विहार के निवासी हैं.

नालखेड़ा पुलिस ने शवों को निकाला, पोस्टमार्टम के लिए भेजा

थाना प्रभारी ने बताया कि ओडिशा से आए श्रद्धालुओं को लेकर जा रही कार बारिश के पानी से उफन रहे नाले में गिर गई . उन्होंने बताया कि इस हादसे में कार सवार तीन बच्चों, दो महिलाओं और तीन पुरुषों की मौत हो गयी. अधिकारी ने बताया कि नलखेड़ा पुलिस ने बचाव अभियान चलाकर सभी शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

रोते-बिलखते परिजन.

पीएम मोदी ने हादसे पर जताया दुख, अनुग्रह राशि की घोषणा की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मध्य प्रदेश में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के लिए दो लाख रुपये तथा घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से ‘एक्स’ पर किये गये एक पोस्ट में कहा गया कि मोदी ने इस घटना को बेहद दुखद बताया. प्रधानमंत्री ने कहा, जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं. उन्होंने कहा कि मारे गये हर व्यक्ति के परिवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जायेगी. घायलों को 50,000 रुपये दिये जायेंगे.

सीएम माझी ने पीड़ित परिवार को जरूरी सहयोग देने के दिये निर्देश

मध्य प्रदेश में सड़क हादसे में ओड़िया पर्यटकों की दुखद मौत पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि मध्य प्रदेश में हुए हादसे में ओड़िया पर्यटकों की दुखद मृत्यु से वह बेहद व्यथित हैं. माझी ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों को मध्य प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया है. उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि मृतकों के पार्थिव शरीर पूरे सम्मान और गरिमा के साथ ओडिशा लाये जाये. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान किया जायेगा.

राहत और बचाव कार्य में जुटी टीम.

नवीन, धर्मेंद्र समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया

ओड़िया श्रद्धालुओं की मौत पर ओडिशा के प्रमुख नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है. ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक और संबलपुर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस हृदयविदारक घटना पर दुखी होते हुए दिवंगत आत्माओं की सद्गति की कामना की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं. नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया के माध्यम से मृतकों के परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य और साहस मिलने की प्रार्थना की. वहीं, धर्मेंद्र प्रधान ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से बातचीत की. धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रभावित और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग तथा आवश्यक सहायता तुरंत उपलब्ध कराने का पूर्ण आश्वासन दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >