Rourkela News: बंडामुंडा में लगातार हो रही बिजली कटौती और विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं को लेकर बुधवार को भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल टीपीडब्ल्यूओडीएल अधिकारियों से मिला. इस अवसर पर एक बैठक कोयला गेट स्थित टीपीडब्ल्यूओडीएल ग्रिड कार्यालय में आयोजित की गयी.
बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होने पर जतायी नाराजगी
बैठक में भाजपा नेताओं ने क्षेत्र में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने पर गहरी नाराजगी जतायी. उन्होंने कहा कि इससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वर्षों पुराने एवं जर्जर हो चुके बिजली तारों को तत्काल बदलने की मांग भी की. भाजपा नेता माणिक चौधरी ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए बंडामुंडा की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग की. साथ ही कहा कि बंडामुंडा के सभी सेक्टरों एवं बस्तियों में व्यापक निरीक्षण कर आवश्यक मेंटेनेंस कार्य कराया जाये, ताकि बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या से लोगों को राहत मिल सके. उन्होंने विशेष रूप से रात के समय होने वाली अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की. टीपीडब्ल्यूओडीएल के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर पार्थो चक्रवर्ती, एसडीओ राजेश पांडे एवं जेइ पानु प्रधान ने भाजपा नेताओं द्वारा उठायी गयी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया. बैठक में भाजपा नेता एल मुरली मोहन राव, सुभाष पंडा, लीना नायडू, भारती सिंह, आइ राजा रमेश, जया सिंघा, लक्ष्मण डोरा, सुजीत परिडा, प्रमिला सोना, मनोज नायक, लखन लोहार सहित अन्य उपस्थित थे.
बंडामुंडा स्टेशन रोड में लगा नया एलटी पोल, विद्युत समस्या से मिलेगी राहत
बंडामुंडा सी सेक्टर स्थित स्टेशन रोड में बुधवार को टीपीडब्ल्यूओडीएल की ओर से विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नया एलटी (लो टेंशन) पोल लगाया गया. इसके साथ ही पुराने कंडक्टर तार को हटाकर नयी केबल लाइन भी बिछाई गयी. विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि स्टेशन रोड क्षेत्र में विद्युत लाइन पर लगातार ओवरलोड की समस्या बनी हुई थी. जिससे कई बार कंडक्टर तार टूटने की शिकायतें सामने आती थीं. अधिकारियों के अनुसार नयी केबल लाइन लगने से ओवरलोड की समस्या काफी हद तक कम होगी और बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु एवं सुरक्षित हो सकेगी. स्थानीय लोगों ने विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जतायी है कि नयी व्यवस्था लागू होने के बाद क्षेत्र में बार-बार होने वाली बिजली कटौती और तार टूटने जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी.
