Ganesh Chaturthi 2026: गणपति बप्पा के स्वागत को तैयार मुंबई, भव्य पंडालों से सजी मायानगरी

मुंबई गणेशोत्सव के लिए पूरी तरह तैयार है. इस साल लालबागचा राजा, मुंबईचा राजा जैसे प्रसिद्ध पंडालों में भक्तों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. सुरक्षा से लेकर दर्शन तक, बप्पा के स्वागत की हर तैयारी पूरी है.

मुंबई एक बार फिर गणपति बप्पा के स्वागत के लिए तैयार है. 14 सितंबर से शुरू होने वाले गणेशोत्सव को लेकर शहर के अलग-अलग इलाकों में पंडालों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. कहीं भव्य मंदिर की झलक देखने को मिल रही है, तो कहीं ऐतिहासिक और धार्मिक थीम पर पंडाल तैयार किए गए हैं. इस बार भी लालबागचा राजा, मुंबईचा राजा, GSB Seva Mandal, अंधेरीचा राजा और खेटवाडीचा गणराज जैसे प्रमुख गणपति पंडाल भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे.

सबसे ज्यादा चर्चा लालबागचा राजा की है. 11 सितंबर को इस साल की मूर्ति का पहला दर्शन कराया गया. पंडाल को मंदिर जैसी भव्य संरचना और सजावट के साथ तैयार किया गया है. वहीं GSB Seva Mandal की गणपति प्रतिमा भी अपने सोने-चांदी के आभूषणों और पारंपरिक पूजा के लिए जानी जाती है. खेटवाडीचा गणराज हर साल अपनी ऊंची और अलग रूप वाली गणपति प्रतिमा के लिए आकर्षण का केंद्र रहता है.

सार्वजनिक मंडल और घरों में भी बप्पा की स्थापना

गणेशोत्सव सिर्फ बड़े पंडालों तक सीमित नहीं है. मुंबई के अलग-अलग इलाकों में हजारों सार्वजनिक मंडल और घरों में भी बप्पा की स्थापना होगी. इस दौरान पंडालों की सजावट, रोशनी, झांकियां और अलग-अलग थीम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एक इलाके से दूसरे इलाके पहुंचेंगे. 2026 के उत्सव में कई मंडलों ने पारंपरिक पूजा के साथ नए और रचनात्मक विषयों को भी सजावट में शामिल किया है.

दर्शन और आने-जाने वालों के लिए खास तैयारी

गणपति पंडालों में देर रात तक दर्शन के लिए आने वाले लोगों को देखते हुए मुंबई मेट्रो ने भी सेवाओं का समय बढ़ाया है. लाइन 2A, 2B और 7/9 पर 14 से 25 सितंबर तक रात 12:30 बजे तक ट्रेनें चलाने और रोज 10-15 अतिरिक्त फेरे लगाने की घोषणा की गई है. वहीं BMC की ओर से विसर्जन के लिए अलग-अलग जगहों पर कृत्रिम तालाब और दूसरी सुविधाएं तैयार की जा रही हैं. सड़क, सफाई, रोशनी और विसर्जन स्थलों की व्यवस्था पर भी काम चल रहा है.

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम

इसके साथ मुंबई पुलिस ने गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है. पुलिस के मुताबिक 7 अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 37 DCP, 52 ACP, 2,650 अधिकारी और 14,150 पुलिसकर्मी त्योहार के दौरान ड्यूटी पर रहेंगे. SRPF, QRT, Riot Control Teams और Home Guards की भी तैनाती की गई है. विसर्जन के दिन के लिए अलग सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है.

ये भी पढ़ें: Pune Metro: गणेशोत्सव में रात 2 बजे तक चलेगी मेट्रो, 25 सितंबर को 41 घंटे लगातार सेवा, जानें पूरा शेड्यूल

कचरे से बिजली बनाने की पहल

BMC के मुताबिक, इस गणेशोत्सव में लालबागचा राजा मंडल के प्रसाद कक्ष और अन्नछत्र से निकलने वाले करीब 8 से 10 टन गीले और जैविक कचरे को रोज अलग करके BMC के बायोमीथेनेशन प्लांट तक पहुंचाया जाएगा. इस पहल के तहत करीब 80 टन कचरे को प्रोसेस कर 7,744 यूनिट नवीकरणीय बिजली बनाने का अनुमान है. यह बिजली नायर, कस्तूरबा, GTB और सायन अस्पतालों में मरीजों के वार्ड, कॉरिडोर और कॉमन एरिया की लाइटिंग समेत अन्य जरूरतों के लिए इस्तेमाल की जाएगी. BMC ने यह भी कहा है कि वास्तविक बिजली उत्पादन कचरे की मात्रा, उसकी गुणवत्ता और प्लांट के संचालन पर निर्भर करेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक कुमार गुप्ता

दीपक कुमार गुप्ता 'प्रभात खबर डिजिटल' में कंटेंट राइटर हैं. इससे पहले वे 'ईटीवी भारत' में करीब ढाई साल तक कार्यरत रहे. इन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पत्रकारिता की पढ़ाई की है. 2021 से वे पत्रकारिता से जुड़े हैं और इस दौरान 'न्यूज प्लस', 'अंतर्कथा विजन न्यूज' और 'पब्लिक ऐप' के साथ भी काम कर चुके हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >