रांची. अरगोड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला ने पति पर मारपीट, चरित्र हनन और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है. निजी बैंक में कार्यरत महिला के अनुसार, उसकी शादी 17 जून 2010 को ब्रजेश से परिवार की सहमति से हुई थी. उनका एक पुत्र है. महिला ने पति पर शराब का आदी होने और शादी के बाद से ही मारपीट व प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है.
वेतन ले लेने और चरित्र पर शक करने का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, पति अक्सर महिला के साथ मारपीट करता था और उसे अपमानित करता था. महिला ने आरोप लगाया है कि पति उसकी वेतन भी ले लेता था. इसके अलावा चरित्र को लेकर शक करते हुए भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था.
अरगोड़ा चौक पर मोबाइल छीनने की कोशिश
शिकायत के अनुसार, 10 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:49 बजे पति ने फोन कर महिला से गाली-गलौज की और उसे घर से बाहर बुलाया. अरगोड़ा चौक पहुंचने पर पति ने उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की. विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और उसे सड़क पर पटकने की कोशिश की.
महिला ने बताया कि डरकर वह वहां से भाग निकली और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी. उसने पुलिस के समक्ष आशंका जतायी है कि पति उसकी जान ले सकता है. पुलिस प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
