पश्चिमी सिंहभूम : प्रशासन की अनदेखी के बीच महिलाओं ने श्रमदान कर सुधारी जर्जर सड़क

West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा-नोवामुंड़ी मुख्य मार्ग पर स्थित सुखचैन मोटर के पास लंबे समय से जर्जर सड़क और पुलिया लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी. प्रशासन की ओर से मरम्मत नहीं होने पर आजीविका ग्राम संगठन बस्ती जामदा की महिलाओं ने खुद श्रमदान किया.

गुवा से संदीप की रिपोर्ट

West Singhbhum News: प्रभात खबर में 1 जून को प्रकाशित “सुखचैन मोटर के पास जर्जर पुलिया बनी हादसे का कारण, मरम्मत नहीं होने पर सड़क जाम की चेतावनी” शीर्षक खबर के बाद भी प्रशासन ने कोई ठोस पहल नहीं की. इससे नाराज होकर आजीविका ग्राम संगठन बस्ती जामदा की बीएचओ (वीओ) की महिलाओं ने खुद आगे बढ़कर श्रमदान के माध्यम से जर्जर सड़क और पुलिया के गड्ढों में मुरूम-मिट्टी भरकर उसे समतल कर दिया.

खराब स्थिति से हो सकती है बड़ी दुर्घटना

बता दें कि बड़ाजामदा से नोवामुंड़ी जाने वाले मुख्य मार्ग पर सुखचैन मोटर के पास स्थित पुलिया की स्थिति लंबे समय से अत्यंत खराब बनी हुई है. पुलिया के बीचों-बीच बड़े-बड़े गड्ढे और कई स्थानों पर आर-पार छेद हो चुके हैं, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि भारी वाहनों के लगातार दबाव के कारण पुलिया दिन-प्रतिदिन और कमजोर होती जा रही है. यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क पथ है, जहां से प्रतिदिन टाटानगर से किरीबुरू, बड़बिल और जोड़ा जाने वाली यात्री बसों के साथ-साथ लौह अयस्क ढोने वाले भारी मालवाहक ट्रकों का आवागमन होता है. इसके बावजूद पुलिया की मरम्मत को लेकर प्रशासन की ओर से कोई पहल नहीं की गई.

मरम्मत की मांग को लेकर कई बार हुआ आंदोलन

ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि पुलिया के निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर कई बार आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन किए जा चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक उदासीन बना हुआ है.

महिलाओं ने किया श्रमदान, कार्रवाई नहीं होने पर सड़क जाम की चेतावनी 

ऐसे में आजीविका ग्राम संगठन की महिलाओं ने श्रमदान कर सड़क को समतल बनाकर प्रशासन को एक संदेश दिया कि जनहित के कार्यों में जनता स्वयं भी आगे आ सकती है. स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने झारखंड सरकार और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से अविलंब पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ाजामदा-नोवामुंड़ी मुख्य सड़क मार्ग को अनिश्चितकाल के लिए जाम कर आंदोलन शुरू किया जाएगा. उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करने से बेहतर है कि प्रशासन समय रहते आवश्यक कदम उठाए.

यह भी पढ़ें: झारखंड के राष्ट्रीय राजमार्गों पर बारिश में नहीं रुकेगा सफर, NHAI ने शुरू किया ड्रेनेज सफाई का विशेष अभियान

यह भी पढ़ें: Dhanbad: युवा संगम में मध्य प्रदेश का 56 सदस्यीय दल पहुंचा IIT धनबाद, झारखंड की संस्कृति से हुए रू-ब-रू

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Priya gupta

प्रिया गुप्ता प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >