चक्रधरपुर से रवि शंकर मोहंती की रिपोर्ट
Chakradharpur Youth Assault Case: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से एक युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है. चक्रधरपुर-चाईबासा मुख्य मार्ग स्थित बोडदा पुल के पास बुधवार शाम एक युवक के साथ मारपीट की गई. जानकारी के अनुसार रेलवे क्षेत्र बारहखोली निवासी महेश झाईरा किसी निजी कार्य से बोडदा पुल की ओर गए थे. इसी दौरान वहां पहले से मौजूद 5 से 6 नकाबपोश युवकों ने उसे घेर लिया. इसके बाद सभी ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी.
स्थानीय लोगों ने युवक को अस्पताल पहुंचाया
हमले में महेश झाईरा गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के दौरान हमलावरों ने उसे संभलने का मौका तक नहीं दिया. घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने घायल महेश झाईरा की मदद की और उसे तत्काल चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.
यह भी पढ़ें: लंबे समय बाद चाकुलिया लौटा रामलाल हाथी, तालाब में स्नान करते देख उमड़ी भीड़
पुलिस पहुंची अस्पताल
घटना की सूचना मिलने पर चक्रधरपुर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायल युवक से पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस ने घटनास्थल और मारपीट के कारणों को लेकर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक पूछताछ में हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी, क्योंकि सभी युवक नकाब पहने हुए थे.
पुलिस ने दर्ज किया बयान
पुलिस ने घायल महेश झाईरा का लिखित बयान दर्ज किया. बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: झारखंड में प्रशासनिक फेरबदल: 88 अफसरों का एक साथ तबादला, यहां देखें पूरी ट्रांसफर लिस्ट
यह भी पढ़ें: जब बांस की बैसाखी के सहारे पहुंचा मेधावी छात्र, तब समझ आया सम्मान का असली अर्थ
