चक्रधरपुर : प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं के अवैध भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से दवा निरीक्षक ने चक्रधरपुर स्थित दो खुदरा दवा दुकानों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान दवाओं के स्टॉक, खरीद-बिक्री अभिलेखों तथा सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई. एक दुकान में नींद की गोलियां तथा दूसरी दुकान में न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर के उपचार में उपयोग होने वाली दवाएं मिलीं. इन दवाओं के खरीद, बिक्री और स्टॉक संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई, जो पूरी तरह सही पाए गए. दोनों दुकानों में कोडीन युक्त सिरप का स्टॉक नहीं मिला.
दवा निरीक्षक ने दुकानदारों को दी सख्त चेतावनी
दवाओं के रखरखाव एवं भंडारण की व्यवस्था भी नियमानुसार पाई गई. दुकानों में साफ-सफाई तथा संक्रमण से बचाव के लिए ढक्कनयुक्त डस्टबिन का उपयोग किया जा रहा था. निरीक्षण के दौरान एक दुकान में अग्निशामक यंत्र नहीं पाया गया, जिस पर संबंधित संचालक को तत्काल इसकी व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया. दोनों दुकानों में सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में मिले. दवा निरीक्षक ने दुकानदारों को बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के किसी भी नियंत्रित दवा की बिक्री नहीं करने की चेतावनी दी. साथ ही नशीली दवाओं के दुरुपयोग के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए पोस्टर लगाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को देने का निर्देश दिया गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे.
