पैदल बूथ तक गई और जमीन पर बीएलओ संघ बैठी एसडीओ प्रतिनिधि, चक्रधरपुर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत रविवार को अनुमंडल पदाधिकारी, पोड़ाहाट, चक्रधरपुर सुश्री श्रुति राजलक्ष्मी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ), बंदगांव भी मौजूद रहे. निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने चक्रधरपुर विधान सभा अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या-7 उत्क्रमित मध्य विद्यालय, लुम्बई, मतदान केंद्र संख्या-15 उत्क्रमित उच्च विद्यालय, कारिका, मतदान केंद्र संख्या-20 राजकीय अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय, कुंदरूगुटु तथा मतदान केंद्र संख्या-21 प्राथमिक विद्यालय, कांडयांग (कंडाजुई) का भ्रमण कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की.
अधिकारियों ने बूथ स्तर पर मतदाता गणना प्रपत्र के वितरण एवं संग्रहण की प्रगति का जायजा लिया. इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से घर-घर संपर्क अभियान, प्रपत्र वितरण की स्थिति, प्राप्त प्रपत्रों की संख्या तथा शेष कार्यों की जानकारी ली गई. साथ ही अभियान के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं की भी जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिया कि गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण कार्य पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण हर हाल में पूरा किया जाए. किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए. उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने, प्रपत्र भरने में आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में सही जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. साथ ही प्राप्त प्रपत्रों का समय पर डिजिटाइजेशन एवं अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने पर भी बल दिया.
