गुवा से संदीप की रिपोर्ट
West Singhbhum Accident, पश्चिमी सिंहभूम: पश्चिमी सिंहभूम के गुवा थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने दो मासूम बच्चों की जान बचाने के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी. गुवा के लोहार बस्ती निवासी दामु हेंब्रम शुक्रवार की सुबह अपने दोनों बेटों के साथ ठाकुरा गांव के समीप बहने वाली कारो नदी में नहाने गए थे. नहाने के दौरान अचानक नदी का बहाव तेज हो गया और दोनों बच्चे गहरे पानी की ओर खिंचे चले गए और डूबने लगे.
बच्चों को तो बचा लिया, लेकिन खुद गहरे पानी में समा गए दामु
अपने लाडलों को मौत के मुंह में जाते देख दामु हेंब्रम ने एक पल की भी देरी नहीं की और सीधे उफनती कारो नदी में कूद पड़े. उन्होंने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों बेटों को नदी के तेज बहाव से खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया. बच्चों को सुरक्षित किनारे पहुंचाने की इस जद्दोजहद में दामु खुद पूरी तरह थक गए और पानी के गहरे भंवर में समा गए. वहां मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उन्हें नदी से बाहर निकाला और इलाज के लिए तत्काल गुवा सेल अस्पताल ले गए, लेकिन दुर्भाग्यवश डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
ये भी पढ़ें: गिरिडीह के हरलाडीह से मिसिर बेसरा का सहयोगी 25 लाख का ईनामी नक्सली अजय महतो गिरफ्तार, 100 से अधिक मामले दर्ज
पूरे गुवा क्षेत्र में पसरा मातम, ठेका मजदूर थे दामु
इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे गुवा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हर कोई अपनी जान पर खेलकर बच्चों को नई जिंदगी देने वाले इस वीर पिता के सर्वोच्च बलिदान को सलाम कर रहा है. सूचना मिलते ही स्थानीय गुवा थाना पुलिस अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है. मृतक दामु हेंब्रम गुवा सेल खदान के ओएचपी विभाग में बतौर ठेका मजदूर काम करते थे और अपने परिवार के मुख्य भरण पोषण करने वाले थे.
ये भी पढ़ें: धनबाद के पाथरडीह में बेल्ट से बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल, तीन युवक लापता
