West Singhbhum: पश्चिम सिंहभूम जिले के टेबो थाना क्षेत्र अंतर्गत चकोमटोनांग गांव के समीप जंगल में एक व्यक्ति का शव मिलने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के साथ ही घटना में प्रयुक्त खून लगा पत्थर भी बरामद किया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम चकोमटोनांग से लगभग 500 मीटर दूर जंगल क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है. सूचना के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए कई लोगों से पूछताछ की. मृतक की पहचान 55 वर्षीय मोरा नाग (चकोमटोनांग, बुस्टोला, थाना टेबो, जिला पश्चिम सिंहभूम) के रूप में हुई.
थाने में दर्ज हुआ था केस
इस संबंध में वादी कानु नाग (47 वर्ष) के बयान के आधार पर टेबो में 13 फरवरी को थाना कांड संख्या 03/2026, धारा 103(1)/238/3(5) बीएनएस 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई. प्राथमिकी में सनिका संगवार (पिता-मागो संगवार) और गोबाई संगवार (पिता – बीर सिंह संगवार), दोनों निवासी चकोमटोनांग को नामजद अभियुक्त बनाया गया. हत्या का कारण दोनों का आपसी विवाद था. एक साथ दारू पीकर झगड़ा करने को लेकर हत्या हुई थी. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.
एक दिन में ही हत्यारा गिरफ्तार
छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 फरवरी 2026 को नामजद आरोपी सनिका संगवार को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा पत्थर बरामद किया गया. छापामारी दल में डीएसपी कुमार विनोद, टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मरांडी, सब इंस्पेक्टर थाना रामाशीष प्रजापति, सुभाष कुमार महतो, अर्जुन उरांव, कार्तिक लोहरा, रतनलाल मुर्मू, डोमन सिंह सरदार शामिल थे. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और अन्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है.
ये भी पढ़ें…
