चक्रधरपुर | एनजीटी के निर्देशों के बावजूद पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा क्षेत्र से अवैध बालू का परिवहन नहीं रुक रहा है. बिना वैध कागजात और क्षमता से अधिक लोड कर बालू ले जाने का सिलसिला लगातार जारी है. स्थानीय लोगों के मुताबिक बुधवार देर रात 10 से 11 ओवरलोड हाइवा बालू लेकर गोइलकेरा से चक्रधरपुर की तरफ आते देखे गए. इसी दौरान चक्रधरपुर के हनुमान मंदिर के पास पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ओवरलोड हाईवा वाहन को पकड़कर जब्त कर लिया.
पकड़े गए वाहनों को छुड़वाने के लिए चल रही सेटिंग
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि पकड़े गए वाहनों को छुड़ाने के लिए बालू कारोबार से जुड़े लोगों द्वारा ऊपर तक "सेटिंग" की जा रही है. एनजीटी ने स्पष्ट किया है कि वैध खनन पट्टा, ट्रांजिट चालान और तय मानकों के बिना बालू का खनन और ढुलाई प्रतिबंधित है. लेकिन, गोइलकेरा से बिना चालान और ओवरलोड बालू की ढुलाई की शिकायतें लगातार मिल रही हैं.
एनएच व ग्रामीण सड़कें हो रही क्षतिग्रस्त
ओवरलोड वाहनों की वजह से एनएच व ग्रामीण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं. साथ ही दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है. इससे सरकारी राजस्व को भी चूना लग रहा है. स्थानीय लोगों ने डीसी, एसपी व जिला खनन पदाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए. यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो वाहन मालिक, चालक, खनन माफिया और शामिल अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई हो. यह भी पता लगाया जाए कि अवैध बालू किसके संरक्षण में जिले में घुस रही है.
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने कहा कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध रूप से बालू आ रहा है. पुलिस ने चक्रधरपुर में छापामारी का एक बालु लदा हाइबा को जब्त किया गया है. जिसमें किसी प्रकार का कागज नहीं है. जांच करने के लिए भेज दिया गया है.
