चार माह से लंबित मानदेय का जल्द भुगतान करे सरकार : संघ

झारखंड में रसोइया संघ ने चार माह से लंबित मानदेय और अन्य मांगों को लेकर उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन। रसोइयों ने सरकार से जल्द समाधान की मांग की है।

चक्रधरपुर विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) योजना के तहत कार्यरत रसोइयों की लंबित समस्याओं और मांगों को लेकर झारखंड विद्यालय संयोजिका-रसोइया अध्यक्ष संघ के बैनर तले चक्रधरपुर के वीराबाग हॉल में जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में रसोइया एवं संयोजिकाएं शामिल हुईं. बैठक के बाद जिला रसोइया संघ ने जिला अध्यक्ष जानकी पिंगुवा एवं जिला सचिव सपना महतो के नेतृत्व में उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपा.

चार माह से नहीं मिला वेतन, दो साड़ी की भी मांग

सौंपे गये ज्ञापन में संघ ने पिछले चार महीनों से लंबित मानदेय का अविलंब भुगतान करने की मांग की है. इसके अलावा रसोइयों के लिए 10 लाख रुपये का सरकारी बीमा लागू करने, ड्रेस कोड के तहत प्रतिवर्ष दो साड़ी उपलब्ध कराने तथा एप्रन एवं कैप मद की बकाया राशि का अविलंब भुगतान करने की मांग उठायी गयी. संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इन मांगों को लेकर 18 फरवरी से 17 मार्च तक राज्यव्यापी आंदोलन और हड़ताल भी की गयी थी. सरकार से वार्ता में सहमति तो बनी, पर अब तक इसे लागू नहीं किया गया है.

अग्निशामक यंत्र और पर्याप्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने पर जोर

संघ ने अन्य मांगों को रेखांकित करते हुए कहा कि 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी रसोइयों को सेवानिवृत्ति के समय अतिरिक्त मानदेय दिया जाये. साथ ही, स्कूलों में मध्यान्ह भोजन संचालन के नियमों का सख्ती से पालन हो, सभी विद्यालयों में सुरक्षा के लिहाज से अग्निशामक यंत्र लगाये जायें और योजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए पर्याप्त खाद्यान्न व राशि उपलब्ध करायी जाये.

वरिष्ठ पदाधिकारियों की रही उपस्थिति

इस जिला स्तरीय सम्मेलन में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष अजीत प्रजापति, प्रदेश महासचिव प्रेमनाथ विश्वकर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष अनीता देवी केसरी, प्रदेश उपाध्यक्ष देवकी देवी और वरिष्ठ उपाध्यक्ष जानकी लुगुन समेत संघ के कई वरीय पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में महिला रसोइया उपस्थित थीं. संघ ने उम्मीद जतायी है कि मुख्यमंत्री और शिक्षा सचिव के साथ जल्द बैठक कर इसका स्थायी समाधान निकाला जायेगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ravi mohanty

Published by: Sameer Oraon

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >