बंदगांव से अनिल तिवारी की रिपोर्ट
West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना में प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस का आरोप है कि नक्सलियों ने सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों पर फायरिंग की. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने सघन तलाशी अभियान चलाया. जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के सदस्य सीमावर्ती जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. साथ ही सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की साजिश की भी जानकारी मिली थी. सूचना के आधार पर कोबरा 207 बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया. इस अभियान में एसआई जीडी अमित कुमार, कोबरा 207 बटालियन के अधिकारी और जवानों के साथ जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे.
दुर्गा दा जंगल क्षेत्र में हुई फायरिंग
बताया गया कि 19 मार्च 2026 को संयुक्त टीम कराईकेला और सोनुवा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती दुर्गम जंगल क्षेत्रों में सर्च अभियान चला रही थी. इसी दौरान कराईकेला थाना क्षेत्र के दुर्गा दा गांव स्थित जंगल-पहाड़ी इलाके में अचानक नक्सलियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. प्राथमिकी आवेदन के अनुसार सुरक्षा बलों ने पहले नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उनकी ओर से लगातार गोलीबारी जारी रही. इसके बाद जवानों ने जवाबी कार्रवाई की. करीब आधे घंटे तक दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही. बाद में नक्सली घने जंगल और पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर फरार हो गए.
घटनास्थल से बरामद हुई सामग्री
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया. पुलिस के अनुसार घटनास्थल से दैनिक उपयोग की कई सामग्रियां बरामद की गई हैं. हालांकि किसी नक्सली के घायल या मारे जाने की पुष्टि नहीं की गई है. प्राथमिकी में दावा किया गया है कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस जवानों ने कई राउंड फायरिंग की, जबकि नक्सलियों की ओर से अत्याधुनिक हथियारों से 50 से अधिक राउंड गोली चलाई गई. सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इलाके में नक्सलियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और अभियान आगे भी जारी रहेगा.
कई नक्सलियों को बनाया गया आरोपी
कराईकेला थाना में दर्ज प्राथमिकी में प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन से जुड़े कई नामजद नक्सलियों को आरोपी बनाया गया है. इनमें असीम मंडल उर्फ आकाश, मंगल सिंह सरदार, सालुका कायम, पिंकी, कोलेमुनी, सीता और बुड़ई बोदरा समेत 8 से 10 अज्ञात नक्सलियों के नाम शामिल हैं. इन सभी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस बल पर हमला करने, अवैध हथियार रखने और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
इसे भी पढ़ें: पलामू के लरमी घाटी में टेंपो और बाइक की सीधी टक्कर, आठ लोग घायल
पश्चिमी सिंहभूम में लगातार जारी है नक्सल विरोधी अभियान
पश्चिमी सिंहभूम जिले के जंगल और पहाड़ी इलाकों में हाल के महीनों में सुरक्षाबलों द्वारा लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है. कई क्षेत्रों में पुलिस और सुरक्षा बलों की सक्रियता बढ़ाई गई है. बीते दिनों कई नक्सलियों के आत्मसमर्पण और मुठभेड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नक्सल गतिविधियों पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा. सुरक्षा एजेंसियों ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
इसे भी पढ़ें: गुमला की रायडीह पुलिस को मिली कामयाबी, डकैती की करने से पहले धरा गए 6 अपराधी
