चांडिल से हिमांशु गोप की रिपोर्ट
Road Accident: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में टाटा-रांची मार्ग एनएच-33 पर शनिवार को एक गंभीर सड़क हादसा हो गया. कांदरबेड़ा के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर के पीछे जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए.
तीन लोग गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में नीमडीह थाना क्षेत्र के चालियामा बांधडीह निवासी श्रीकांत सिंह, नरेंद्र सिंह और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े. घायलों की हालत को देखते हुए तत्काल इलाज की जरूरत महसूस की गई.
समाजसेवी शेखर गांगुली ने दिखाई तत्परता
घटना की सूचना मिलते ही ‘हाइवे किंग’ के नाम से मशहूर युवा समाजसेवी शेखर गांगुली मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर घायलों को संभाला और तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था करवाई. शेखर गांगुली अब तक सैकड़ों सड़क दुर्घटना पीड़ितों की जान बचाने में मदद कर चुके हैं, और एक बार फिर उनकी सक्रियता ने घायलों को समय पर इलाज दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
एमजीएम अस्पताल में चल रहा इलाज
सूचना मिलने पर आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो की एंबुलेंस सेवा तुरंत मौके पर पहुंची. एंबुलेंस के जरिए तीनों घायलों को जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है.
जमशेदपुर जा रहे थे सभी सवार
बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार तीनों लोग अपने घर चालियामा बांधडीह से जमशेदपुर जा रहे थे. इसी दौरान कांदरबेड़ा के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से उनकी बाइक टकरा गई. हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर जाम की स्थिति भी बनी रही, जिसे बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सामान्य किया गया.
इसे भी पढ़ें: बोकारो की लापता युवती के मामले में हाइकोर्ट सख्त, डीजीपी से पूछा – क्यों नहीं हुआ कंकाल का डीएनए टेस्ट
सड़क किनारे खड़े वाहनों से बढ़ रहा खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-33 पर सड़क किनारे भारी वाहनों के खड़े रहने की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
इसे भी पढ़ें: देवघर में आज भी 1857 के गदर की याद दिलाती है खामोश विरासत, तीन वतनपरस्तों को दी गई थी फांसी
