प्रतिनिधि, चक्रधरपुर : चक्रधरपुर प्रखंड कार्यालय से 23 पंचायतों में विकास की किरणें पहुंचती है. लेकिन कार्यालय में एक अच्छी सड़क तक नहीं है. प्रखंड कार्यालय के तमाम सड़कें जर्जर हो चुकी है. जिससे सभी सड़कों में बडे़-बडे़ गड्ढे बन गए हैं. उसी गड्ढों में बारिश का पानी जमने से तालाब का रूप ले लिया है. वहीं परिसर भी कीचड़मय हो गया हैं. जिस कारण प्रखंड कार्यालय आने वाले कर्मचारी एवं ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
प्रखंड परिसर में यह कार्यालय होता है संचालित
प्रखंड कार्यालय भवन परिसर में प्रखंड सह अंचल कार्यालय, कोल्हान प्रमंडलीय मिट्टी जांच केंद्र, आधार केंद्र, झारखंड राज्य वन विभाग निगम लिमिटेड का कार्यालय, खाद आपूर्ति विभाग का गोदाम, शिव मंदिर, मुख्यमंत्री दाल भात केंद्र योजना, प्रखंड कार्यालय के कर्मचारियों का क्वार्टर, प्रखंड खाद आपूर्ति कार्यालय, बाल विकास परियोजना कार्यालय, प्रखंड प्रमुख का कार्यालय, प्रखंड कृषि पदाधिकारी का कार्यालय, विधायक कार्यालय, प्रखंड संसाधन केंद्र, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी का कार्यालय, प्रखंड बीस सूत्री क्रियानवयन कार्यालय, भूमि संरक्षण विभाग, मजिस्ट्रेट आवास, सिंगल विंडो सेंटर, पंचायती राज पदाधिकारी का कार्यालय, जेएसएलपीएस का कार्यालय, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी का कार्यालय हैं. वहीं आंचल कॉलोनी में सैकड़ो लोग मकान बनाकर रहते हैं.
प्रखंड कार्यालय परिसर में तमाम सड़कें जर्जर, क्या कहते हैं लोग
पार्षद गौतम रावली ने कहा कि 23 पंचायतों से रोजाना हजारों की संख्या में ग्रामीण ब्लॉक से संबंधित कार्य को लेकर प्रखंड कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन कार्यालय की दुर्दशा को देखकर सभी परेशान हैं. ब्लॉक परिसर में बारिश का जल जमाव होने से जगह-जगह तालाब बन गया है. लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है. लोगों की परेशानी को देखते हुए यथाशीघ्र ब्लॉक परिसर में पेवर्स ब्लॉक बिछाया जाए और जल निकासी के लिए नालियों का भी निर्माण कराया जाए.
एक और पार्षद सपन कुमार मिस्त्री ने कहा कि प्रखंड कार्यालय से 23 पंचायतों में विकास की किरणे पहुंचती है. लेकिन ब्लॉक की स्थिति काफी खराब है. ब्लॉक की बिल्डिंग छोड़कर परिसर और सभी रास्ते खराब हो गया है. ब्लॉक का मुख्य द्वार भी जर्जर अवस्था में है. सभी सड़कों में जल जमाव होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है. लोगों की परेशानी को देखते हुए सड़कों का निर्माण और मुख्य द्वार की मरम्मत कराई जाए.
जारकी के ग्रामीण दुर्योधन प्रधान ने कहा कि प्रखंड कार्यालय की दुर्दशा को देखकर मन में आघात पहुंचती है. इसी कार्यालय से सैकड़ों गांव की विकास करने का जिम्मा रहता है. लेकिन कार्यालय का विकास नहीं हो रहा है. कार्यालय जाने वाले तमाम सड़कें जर्जर अवस्था में है. लोगों का चलना भी दुभर हो गया है. लोग प्रखंड कार्यालय आने से भी खतरा रहे हैं. सभी सड़कों में बारिश का पानी जमाव होने से तालाब बना हुआ है. प्रखंड कार्यालय को विकास की जरूरत है.
क्या कहते हैं मुखिया
मुखिया साहेब हेंब्रम ने कहा कि करीब ढाई साल पहले नगर परिषद की ओर से अंचल कॉलोनी में लाखों रुपए खर्च कर एनएच-75(ई) से सिंगल विंडो सेंटर तक 500 फीट पीसीसी सड़क का निर्माण किया गया था. लेकिन कुछ ही दिनों में सड़क से गिट्टी उखड़ गए. लेकिन किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई. जिसके कारण जर्जर सड़क से विवश होकर प्रखंड कार्यालय आने वाले लोग और कॉलोनी में रहने वाले लोगों को आवाजाही करना पड़ रहा है. उक्त सड़क समेत प्रखंड कार्यालय के सभी जर्जर सड़कों का निर्माण कराया जाए.
