चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में बढ़े मौसमी बीमारी के मरीज, प्रतिदिन 2 से 4 मलेरिया के मिल रहे रोगी

चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में बढ़े मौसमी बीमारी के मरीज, प्रतिदिन 2 से 4 मलेरिया के मिल रहे रोगी

चक्रधरपुर, प्रतिनिधि बरसात का मौसम शुरू होते ही चक्रधरपुर अनुमंडल क्षेत्र में मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है. चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार ओपीडी में हर दिन लगभग 150 से 200 मरीज विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर पहुंच रहे हैं. इनमें सर्दी, खांसी, बुखार, वायरल संक्रमण, पेट संबंधी रोग तथा मलेरिया के मरीज शामिल हैं. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्तमान में प्रतिदिन 2 से 4 मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हो रही है. मलेरिया के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है. अस्पताल में आने वाले सभी संदिग्ध मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है. साथ ही मरीजों को समुचित दवाइयों के साथ स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह भी दी जा रही है. मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव पहुंचकर लोगों की जांच कर रही है. प्रखंड के बाईपी, भरनियां तथा बीडासरजम - हेसलकुटी गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर मलेरिया की जांच की जा रही है. इन शिविरों में बुखार से पीड़ित लोगों का रक्त नमूना लेकर जांच की जा रही है तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल दवा उपलब्ध कराई जा रही है. स्वास्थ्य कर्मी ग्रामीणों को मच्छरों से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक कर रहे हैं. इस संबंध में चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अंशुमान शर्मा ने बताया कि बरसात के मौसम में मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. इसे देखते हुए अस्पताल एवं स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है. उन्होंने बताया कि प्रतिदिन 2 से 4 मलेरिया के मरीज सामने आ रहे हैं, जिनका समय पर उपचार किया जा रहा है. ग्रामीण क्षेत्रों में जांच अभियान भी लगातार चलाया जा रहा है ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके. डॉ शर्मा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बुखार आने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में जांच कराएं. साथ ही घर एवं आसपास साफ-सफाई रखें, पानी जमा न होने दें तथा मच्छरदानी का नियमित उपयोग करें. इससे मलेरिया समेत कई संक्रामक बीमारियों से बचाव संभव है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ravi mohanty

Published by: Janardan Pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >