चक्रधरपुर,पश्चिमी सिंहभूम: चक्रधरपुर पुलिस ने आपराधिक मामले में कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त दिलावर अली उर्फ लादेन समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं. इस संबंध में गुरुवार देर शाम चक्रधरपुर थाना में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ सैयद मुस्तफा हाशमी ने जानकारी दी.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी दिलावर अली उर्फ लादेन (24) दंदिसाई का रहने वाला है. उसके पास से चांदी की दो चूड़ियां, दो पायल, कमर का एक छल्ला और एक रोलगोल अंगूठी बरामद की गयी है. वहीं, सुभम दास के पास से एक मोबाइल फोन, विकास घोष के पास से दो मोबाइल फोन तथा मुमताज अंसारी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है.
पुरुलिया और मनोहरपुर के रहने वाले हैं अन्य आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में सुभम दास (28), निवासी लाइनपार, मनोहरपुर, विकास घोष (23), निवासी बिस्कोली बाजार रेलपार, मनोहरपुर, विमल चन्द्रा (49), निवासी रांगडीह, बलरामपुर, पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) तथा मुमताज अंसारी (48), निवासी कोरांग, पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) शामिल हैं.
मुख्य आरोपी पर पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, दिलावर अली उर्फ लादेन का पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में नाम रहा है. उसके खिलाफ चक्रधरपुर थाना में वर्ष 2022, 2023 और 2026 समेत पूर्व के विभिन्न कांड दर्ज हैं. इनमें चोरी, सेंधमारी, जालसाजी, एनडीपीएस एक्ट, अवैध खनिज से संबंधित धाराओं सहित अन्य आरोप शामिल हैं.
पुलिस टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
छापेमारी दल में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ सैयद मुस्तफा हाशमी, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अवधेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक गुफरान खान, सहायक अवर निरीक्षक अर्जुन कुमार तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
