चाईबासा से प्रणव और राधेश की रिपोर्ट
Chaibasa News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना के सारंडा जंगल से सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी ब्लास्ट की खबर सामने आई है. यहां नक्सलियों के खिलाफ चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट हो गया. इस घटना में सीआरपीएफ कोबरा 205 बटालियन का एक जवान घायल हो गया. घायल जवान को तत्काल एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए रांची भेजा गया है. उन्हें रांची के राज अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा.
लगातार अभियान चलाया जा रहा है
मिली जानकारी के अनुसार, सारंडा क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में सुरक्षा बलों की टीम जंगल में सर्च ऑपरेशन कर रही थी. जैसे ही जवान आगे बढ़े, पहले से बिछाकर रखे गए आईईडी में अचानक विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में एक जवान आ गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. अन्य जवानों ने तत्काल घायल साथी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और प्राथमिक उपचार दिया. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची रवाना किया गया.
इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
इस घटना की पुष्टि पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने की है. उन्होंने बताया कि नक्सलियों द्वारा इस प्रकार के कायराना हमले पहले भी किए जाते रहे हैं. जिनमें कई निर्दोष ग्रामीणों की जान जा चुकी है. उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों द्वारा नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी यह अभियान और तेज किया जाएगा.उन्होंने कहा कि घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है. पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और नक्सलियों की तलाश में अभियान जारी है. अधिकारियों ने कहा कि किसी भी स्थिति में नक्सलियों को बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 2034 पदों पर हाईस्कूल शिक्षकों की नियुक्ति नहीं, 6 महीने पहले हाईकोर्ट ने दिया था आदेश
इसे भी पढ़ें: बदहाल जिंदगी जी रहे शहीद बख्तर साय के वंशज, गढ़पहाड़ को टूरिस्ट प्लेस विकसित करने की मांग
