चक्रधरपुर में ब्राउन शुगर सिंडिकेट का भंडाफोड़, 75 पुड़िया के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार

चक्रधरपुर में ब्राउन शुगर सिंडिकेट का भंडाफोड़, 75 पुड़िया के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार

चक्रधरपुर, प्रतिनिधि पश्चिमी सिंहभूम पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चक्रधरपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी के एक संगठित सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने एक ही दिन दो अलग-अलग मामलों का उद्भेदन करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 75 पुड़िया ब्राउन शुगर, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में गांजा, ब्राउन शुगर एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 8 जुलाई को चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कार्रवाई की गई. पहले मामले में पुलिस को सूचना मिली थी कि पुरानाबस्ती क्षेत्र में एक मकान से ब्राउन शुगर की बिक्री की तैयारी की जा रही है. सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ सैयद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी की. पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास कर रहे शेखर सुमन साहु और शुभम वर्मण को पकड़ लिया गया. तलाशी के दौरान शेखर सुमन के पास से 11.1 ग्राम ब्राउन शुगर की 40 पुड़िया तथा शुभम वर्मण के पास से 2 ग्राम ब्राउन शुगर की 10 पुड़िया बरामद हुई. साथ ही एक मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त टीवीएस राडियन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई. पुलिस ने मौके पर ब्राउन शुगर खरीदने पहुंचे आशीफ शेख उर्फ बंगला को भी गिरफ्तार कर लिया. वहीं दूसरे मामले में शाम के समय पुलिस को पोर्टरखोली क्षेत्र में ब्राउन शुगर बिक्री की सूचना मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अभिषेक प्रामाणिक उर्फ अंडा और मुकेश राम रवि उर्फ बम्बा को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान अभिषेक प्रामाणिक के पास से 3.5 ग्राम ब्राउन शुगर की 24 पुड़िया तथा मुकेश राम रवि के पास से 0.15 ग्राम ब्राउन शुगर की एक पुड़िया बरामद की गई. दोनों के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किए गए. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आपस में जुड़े हुए हैं और चक्रधरपुर में संगठित तरीके से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का अवैध कारोबार चला रहे थे. पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की गहन जांच जारी है. पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 16.75 ग्राम ब्राउन शुगर की 75 पुड़िया, एक टीवीएस मोटरसाइकिल (जेएच06एन-4747) तथा चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं. छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ सैयद मुस्तफा हाशमी, थाना प्रभारी अवधेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक आकाश कुमार, रंजीत उरांव, राजकिशोर तिवारी, सहायक अवर निरीक्षक बिरबल चौबे, दिलीप कुमार सहित पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे. पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना, डायल-112 अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 9931422251 पर दें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ravi mohanty

Published by: Janardan Pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >