चाईबासा : नेतरहाट आवासीय विद्यालय में सत्र 2016-2017 में 100 सीटों पर एडमिशन के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा 12 फरवरी को होगी. इस परीक्षा में शामिल होने के लिए राज्य के सभी डीइअो को खास तौर पर आदेश जारी किया गया था कि प्रति विद्यालय कम से कम 10 छात्रों को इस प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल किया जाये, ताकि उन्हें भी अपनी प्रतिभा को राज्य स्तर पर परखने का मौका मिल सके. इसका असर इस बार दिखा है. जिसके वजह से पूर्वी सिंहभूम जिले के करीब 1300 परीक्षार्थी प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे. पांचवी क्लास पास या फिर छठी क्लास में पढ़ाई करने वाले छात्र इस परीक्षा में हिस्सा ले सकेंगे.
परीक्षा दो पाली में होगी. पहली पाली की परीक्षा 12 फरवरी को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होगा. हालांकि परीक्षा केंद्र पर करीब एक घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य किया गया है. पहली पाली में परीक्षार्थियों से गणित अौर सामान्य ज्ञान व सामान्य विज्ञान से संबंधित सवाल पूछे जायेंगे. इसमें 50 अंक के गणित जबकि 50 अंक के सामान्य ज्ञान अौर सामान्य विज्ञान के सवाल पूछे जायेंगे. दूसरी पाली की शुरुआत दोपहर 1 बजे होगी. जिसका समापन 3 बजे होगा. इसमें परीक्षार्थियों से भाषा के 50 अंक के सवाल जबकि मानसिक योग्यता के 50 अंकों के सवाल पूछे जायेंगे.
