ग्रामीणों को चिंता- अभी यह स्थिति, तो गरमी में क्या होगी
नोवामुंडी : नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत जेटेया पंचायत की सोलर चालित तीन लघु ग्रामीण जलापूर्ति योजना बदहाल है. लंपाहेसा के ग्रामीणों का कहना है कि घटिया निर्माण की वजह से जल मीनार से पानी चूता है. वहीं नये डीप बोरिंग की जगह पुराना चापाकल में मोटर लगा दिया गया. इसके कारण पांच बाल्टी पानी निकलने के बाद थोड़ी देर रुकना पड़ता है. ग्रामीणों में चिंता है कि गर्मी में क्या स्थिति होगी. शॉकपीट भी नहीं बनाया गया है. संवेदक अधूरा काम कर चला गया है.
दुवारसाई में भी घटिया निर्माण
दुवारसाई सोलर चालित लघु ग्रामीण जलापूर्ति योजना का घटिया निर्माण के कारण टंकी से पानी चूता है. फर्श व शॉकपीट नहीं बनाया गया है. स्कूल के पुराने चापाकल में मोटर लगाया गया है. ग्रामीण जयराम केराई, जोंगा सिरका, बुधराम सिरका व जानकी सिरका ने बताया कि काम करने वाले ने एक दिन की मजदूरी का भुगतान नहीं किया है. मजदूरी 150 रु दिये गये, जबकि दैनिक मजदूरी 220 रुपये है.
अब तक सोलर चालित तीन योजनाएं चालू है. प्राक्कलन में पुराने चापाकलों में मोटर लगाने का प्रावधान था. खराब डीप बोरिंग वाले चापाकलों की जगह नया डीप बोरिंग करना था. उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
सुरेश कुमार राय, एसडीओ, पेयजल व स्वच्छता विभाग
