चाईबासा के छह में से दो पेट्रोल पंप पर ही कैशलेस भुगतान की व्यवस्था
चार पेट्रोल पंपों पर अबतक नकद लेन-देन की व्यवस्था है
चाईबासा : चाईबासा शहर के छह पेट्रोल पंपों में सिर्फ दो पेट्रोल पंप पर मंगलवार को कैशलेस भुगतान की व्यवस्था थी. चार पेट्रोल पंप पर नगद लेनदेन हो रहा है. हालांकि कैशलेस खरीदारी पर छूट मिलने के बाद पंपों पर कैशलेस व्यवस्था से पेट्रोल की बिक्री में पांच से छह गुना वृद्धि हुई है. पूर्व में हर दिन करीब चार हजार ग्राहकों में 19 से 12 लोग कैशलेस भुगतान करते थे. सिंहभूम ट्रेडिंग कंपनी के पेट्रोल पंप पर पहले रोजाना पांच से सात हजार रुपये का कैशलेस भुगतान होता था. फिलहाल यह आंकड़ा बढ़कर औसतन 30 से 35 हजार रुपये प्रतिदिन तक पहुंच गया है. वहीं शहर के कोलटेक्स पेट्रोल पंप पर पहले हरदिन तीन से पांच हजार रुपये का कैशलेस खरीदारी होती थी. अब औसतन 30 हजार रुपये तक लोग कार्ड से खरीदारी कर रहे हैं. नोटबंदी के बाद चेक से भुगतान में वृद्धि हुई है.
12 दिसंबर को सर्वाधिक कैशलेस भुगतान हुआ : चाईबासा शहर के शहीद पार्क स्थित सिंहभूम ट्रेडिंग कंपनी के पेट्रोल पंप और कोलटेक्स पेट्रोल पंप पर फिलहाल कार्ड से भुगतान स्वीकार किया जा रहा है. सिंहभूम ट्रेडिंग कंपनी के पेट्रोल पंप पर रोजाना करीब चार हजार ग्राहक डीजल-पेट्रोल लेने आते हैं. इनमें औसतन 86 ग्राहक कैशलेस भुगतान कर रहे हैं. वहीं कोलटेक्स पेट्रोल पंप पर औसतन आठ सौ ग्राहक रोजाना आते हैं. यहां रोजाना लगभग 90 लोग कार्ड से भुगतान कर रहे हैं. 12 दिसंबर को दोनों पेट्रोल पंपों पर सर्वाधिक भुगतान कैशलेस हुआ. फिलहाल कार्ड स्वाइप से ही भुगतान लिया जा रहा है. अन्य माध्यम से भुगतान की सुविधा अबतक शुरू नहीं हुई है.
चार पंप पर नहीं शुरू हुआ कैशलेस भुगतान :कोल्हान विश्वविद्यालय के सामने स्थित मार्शल फ्यूल स्टेशन, चाईबासा-टाटा रोड पर खप्परसाई में स्थित मूलचंद अग्रवाल पेट्रोल पंप, रतन लाल व छगन लाल पेट्रोल पंप पर अबतक कैशलेस भुगतान नहीं शुरू किया गया है. इन पंप के कर्मचारियों का कहना है कि स्वाइप मशीन के लिए ऑर्डर दिया गया है. एक सप्ताह से दस दिनों में स्वाइप मशीन लगा दी जायेगी.
कैशलेस भुगतान पर 0.75 फीसदी लाभ मिलने से लोग खुश: डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, मोबाइल वॉलेट या प्रीपेड से डीजल-पेट्रोल की खरीदारी करने पर 0.75 फीसदी छूट का लोगों ने स्वागत किया है. 100 रु की खरीदारी पर 75 पैसे का लाभ मिलेगा. 13 दिसंबर को पेट्रोल की कीमत 68.29 रुपये प्रति लीटर थी. एक लीटर पेट्रोल की खरीदारी पर लोगों को करीब 51 पैसे का लाभ मिलेगा. वहीं, 13 दिसंबर को एक लीटर डीजल का मूल्य 58.28 पैसा था. एक लीटर डीजल की खरीदारी पर 0.75 फीसदी के हिसाब से ग्राहक को लगभग 43 पैसे का लाभ होगा.
मेरे यहां लगभग चार हजार लोग डीजल-पेट्रोल भरवाते हैं. वर्तमान में लगभग औसतन 86 ग्राहक कार्ड से भुगतान कर रहे हैं. पहले, लगभग आठ-दस लोग ही कार्ड से भुगतान करते थे. कैशलेस भुगतान में काफी बढ़ोतरी हुई है. इसका अच्छा रिस्पांस है. अब ग्राहक आकर पूछ रहे हैं कि कार्ड से भुगतान होता है कि नहीं. – पुनीत सेठिया, ऑनर, सिंहभूम ट्रेडिंग कंपनी पेट्रोल पंप
पेट्रोल पंपों पर कैशलेस व्यवस्था अच्छी पहल है. पास में कैश नहीं होने के बावजूद आसानी से पेट्रोल मिल रहा है. 0.75 फीसदी लाभ मिलना सराहनीय है.
– प्रदीप कुमार, गुटुसाई, चाईबासा(सिंहभूम ट्रेडिंग कंपनी के पेट्रोल पंप के ग्राहक )
कार्ड से भुगतान करने का प्रचलन बढ़ गया है. पहले दस से 12 लोग ही कार्ड से भुगतान करते थे. अब लगभग आठ सौ में से 80 से 90 ग्राहक कार्ड से भुगतान कर रहे हैं. कार्ड से भुगतान करने की राशि में बड़े पैमाने पर इजाफा हुआ है.
– देवाल खिरवाल, ऑनर कोलटेक्स पेट्रोल पंप
दिनांक राशि (Rs में)
9 दिसंबर 30,100
10 दिसंबर 42,006
11 दिसंबर 37,610
12 दिसंबर 45,226
कोलटेक्स पेट्रोल पंप पर कैशेलस भुगतान का ब्योरा
दिनांक राशि (Rs में)
4 दिसंबर 2,400
5 दिसंबर 14,800
6 दिसंबर 16,300
7 दिसंबर 2,470
8 दिसंबर 12,150
9 दिसंबर 28,990
10 दिसंबर 11,281
11 दिसंबर 4,800
12 दिसंबर 28,200
