चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से लगभग 75 गैर पीएचडी धारक एसोसिएट प्रोफेसर (पुराने शिक्षक) का वेतन वृद्धि एरियर का अभी तक भुगतान नहीं किया गया है. जबकि इनमें से कुछ शिक्षक रिटायर हो चुके हैं और कुछ वर्तमान में पढ़ा रहे हैं. टीचर्स एसोसिएशन ऑफ कोल्हान यूनिवर्सिटी(टाकू) के अध्यक्ष डॉ रामप्रवेश प्रसाद व सचिव डॉ राजेंद्र भारती ने मंगलवार को कुलपति डॉ आरपीपी सिंह से मुलाकात कर उन्हें इस समस्या से अवगत कराया.
उन्होंने कहा कि एरियर का भुगतान नहीं होने से शिक्षकों को काफी परेशानी हो रही है. कुछ शिक्षक रिटायर तक हो चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें 1 जनवरी 2006 से वेतनमान के एरियर की राशि का भुगतान नहीं हुआ है. विवि प्रशासन एरियर भुगतान की दिशा में प्रयास करे. जबतक एरियर की भुगतान नहीं होता, तबतक टाकू विरोध करेगा. टाकू ने इससे पूर्व भी कुलपति से मुलाकात कर पुराने शिक्षकों को एरियर भुगतान की मांग की थी. तब कुलपति डॉ आरपीपी सिंह ने एरियर भुगतान कराने का आश्वासन दिया था.
रिटायर शिक्षकों ने भी कई बार विश्वविद्यालय पहुंचकर एरियर राशि भुगतान संबंधित मांग पत्र सौंपा गया था. टाकू पदाधिकारियों के समक्ष कुलपति ने इस बार आश्वासन दिया कि एरियर का भुगतान अविलंब कर दिया जायेगा. एपीआइ मामले पर सरकार के पास मांग पत्र भेज दिया जायेगा.
