कोल्हान विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता
मैच जीत क्वार्टर फाइनल में पहुंची को-ऑपरेटिव कॉलेज की टीम
चक्रधरपुर : पांचवां कोल्हान विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन कुल तीन मैच खेले जाने थे. लेकिन दो टीमों के नहीं पहुंच पाने के कारण अन्य दो टीमों को वॉक ओवर दे दिया गया. जबकि एक ही मैच खेला जा सका. जेएलएन कॉलेज चक्रधरपुर की मेजबानी में सेरसा इकबाल सिंह संधु स्टेडियम में सुबह 9 बजे से जीसी जैन कॉलेज चाईबासा व जैन कॉलेज जमशेदपुर के बीच मैच खेला जाना था. लेकिन जमशेदपुर की टीम नहीं पहुंची. इसलिए चाईबासा को वॉक ओवर दे दिया गया. दूसरा मुकाबला एक्सआइटीइ कॉलेज गम्हरिया व वर्कर्स कॉलेज जमशेदपुर के बीच सुबह 11 बजे खेला जाना था.
गम्हरिया की टीम के नहीं आने के कारण जमशेदपुर को वॉक ओवर मिला. इस तरह प्री क्वार्टर फाइनल में वॉक ओवर पाकर दोनों टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंच गयी. इससे पहले एलबीएसएम कॉलेज जमशेदपुर व टाटा कॉलेज चाईबासा की टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी हैं. 7 दिसंबर को खेले जाने वाले करीम सिटी कॉलेज व बहरागोड़ा कॉलेज के विजेता टीम टाटा कॉलेज चाईबासा के साथ क्वार्टर फाइनल में भिड़ेंगी. जबकि एलबीएसएम कॉलेज का क्वार्टर फाइनल मुकाबला घाटशिला कॉलेज के साथ होगा. घाटशिला को सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश दिया गया है.
जेएलएन कॉलेज टाइब्रेकर में हारा:मेजबान जवाहर लाल नेहरू कॉलेज चक्रधरपुर टाइब्रेकर में को ऑपरेटिव कॉलेज जमशेदपुर से 1-4 के अंतर से हार कर प्रतियोगिता से बाहर हो गया है. यह मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा. मैच शुरू होने के 12वें मिनट में को-ऑपरेटिव कॉलेज ने 1-0 की बढ़त ले लिया. मध्यांतर तक यह बढ़त कायम रही. मैच के 55वें मिनट में जेएलएन कॉलेज की ओर से गोल दाग कर 1-1 की बराबरी कर दी गयी. निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रही. इसके बाद टाईब्रेकर हुआ. जिसमें जमशेदपुर की टीम 4-1 से जीत हासिल की. इस जीत के साथ ही को-ऑपरेटिव कॉलेज की टीम क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर गयी है. 7 दिसंबर को 3 बजे वर्कर्स कॉलेज जमशेदपुर के साथ मुकाबला होगा.
आज खेले जायेंगे तीन मैच:प्रतियोगिता के तीसरे दिन 7 दिसंबर को तीन मैच खेले जायेंगे. पहला मुकाबला सुबह 9 बजे आरवीएस कॉलेज जमशेदपुर व केएस कॉलेज सरायकेला, 11 बजे से करीम सिटी कॉलेज जमशेदपुर व बहरागोड़ा कॉलेज के बीच मैच होगा. तीसरा मुकाबला 3 बजे से को-ऑपरेटिव कॉलेज जमशेदपुर व वर्कर्स कॉलेज जमशेदपुर के बीच खेला जायेगा. यह प्रतियोगिता का पहला क्वार्टर फाइनल होगा.
