चक्रधरपुर : उरांव सरना समिति चक्रधरपुर की ओर से सांसद लक्ष्मण गिलुवा व उपायुक्त डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि को मांग पत्र सौंपा गया. जिसमें कहा गया है कि कोलचकड़ा पंचायत का नया पंचायत भवन बनमालीपुर स्थित पेल्लो टुंगरी में बनाया जा रहा है. यह उरांव जाति का सरना स्थल है. जहां पंचायत भवन बनने से उरांव समुदाय के धार्मिक भावनाओं को ठेस लग रही है.
उक्त सरना स्थल पर चक्रधरपुर के 19 उरांव बाहुल्य गांवों के लोगों की आस्था है. उक्त पेल्लो टुंगरी सरना स्थल से समाज के लोगों को धार्मिक जानकारियां दी जा रही हैं. उरांव सरना समिति के विरोध के बावजूद पंचायत भवन निर्माण का कार्य किया जा रहा है. पत्र में विवेक खलखो, सुशील उरांव, सूरज उरांव, गीता उरांव, कोमल मिंज, संतोषी उरांव, सोमा उरांव समेत सैंकड़ों लोगों ने हस्ताक्षर किये हैं. इस संदर्भ में उरांव सरना समिति के अजय लकड़ा ने बताया कि बनमालीपुर, रुंगसाई, श्यामरायडीह, मंडलसाई, इंदिरा कॉलोनी के उरांव जाति के लोग इस निर्माण कार्य का विरोध कर रहे हैं.
