जलसा का उद्देश्य महिलाओं व समाज में सुधार करना
सोशल मीडिया पर गलत खबरों के माध्यम से आंदोलन कुचलने का हो रहा है प्रयास
चक्रधरपुर : मुस्लिम सेंट्रल अंजुमन चक्रधरपुर के आह्वान पर मदरसा फैजुल कुरआन दंदासाई में एक बैठक की गयी. बैठक में महिलाओं व समाज में सुधार के लिए चक्रधरपुर के सभी मुसलिम मुहल्लों में औरतों का जलसा आयोजित करने का निर्णय लिया गया. बैठक में बताया गया कि यूनीफार्म सिविल कोड को लागू करने या नहीं करने तथा मुसलिम पर्सनल लॉ में फेरबदल करने या नहीं करने पर अब तक सुप्रीम कोर्ट का निर्णय नहीं आया है. बहुत सारी संस्थाएं सोशल मीडिया में गलत खबरें फैला कर लोगों को दिगभ्रमित करने और हमारे आंदोलन को कुचलने की साजिश कर रहे हैं. इससे होशियार रहने की जरूरत है.
बैठक कहा गया जुमा की नमाज के दौरान जो तकरीरें मसजिदों में होती हैं, उसे पुरुष घर पर जाकर महिलाओं को अवश्य बतायें. इससे महिलाओं में धार्मिक जागरुकता बढ़ेगी.
बैठक में इमारत-ए-सरिया के शासकीय काजी कारी सऊद साहब ,चक्रधरपुर के सभी मसजिद व मदरसों के पेशइमाम, जगन्नाथपुर, राजखरसावां, चाईबासा व चक्रधरपुर के प्रतिनिधि, हाजी अरशद अहमद खान, मुजीबुर्रब, महफुजिर्रहमान, मो नईम, मौलाना मो रेयाज, मौलाना मो रुकनुद्दीन, मुफ्ती अल्ताफ हुसैन आदि उपस्थित थे.
