चाईबासा : मनरेगाकर्मियों की हड़ताल को लेकर बुधवार को समाहरणालय में काफी चहल-पहल रही. हड़ताल खत्म करने को लेकर कई चरण की बातें हुई. इस क्रम में उपायुक्त के साथ वार्ता की मेज पर बैठे मनरेगाकर्मियों ने ‘काम मांगों अभियान’ में सहयोग करने व उसे सफल करने का वादा किया और गुरुवार से काम पर लौटने की बात स्वीकार भी कर ली.
लेकिन वार्ता के बाद मनरेगाकर्मियों ने शाम में निर्णय लेने की बात कहकर सीधे यू टर्न ले लिया. देर शाम मनरेगा कर्मचारी संघ ने आंदोलन जारी रखने की घोषणा कर दी.
दरअसल डीसी से वार्ता के बाद उपायुक्त कक्ष से बाहर निकलते ही डीडीसी बालकिशुन मुंडा ने बताया कि मनरेगा कर्मियों ने ‘काम मांगों अभियान’ में सहयोग करने की बात मान ली है और वे गुरुवार से काम पर लौट आयेंगे. वहीं उपायुक्त ने भी बताया कि मनरेगा कर्मियों ने गुरुवार से काम पर लौटने की बात कही है. लेकिन डीसी के वार्ता के बाद नये निर्णय से मनरेगाकर्मियों व प्रशासन में टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है.
