रेलवे बोर्ड की विजिलेंस टीम ने बुकिंग काउंटर पर शिकायत के बाद की छापेमारी
सोनुवा : सोनुवा रेलवे टिकट बुकिंग काउंटर पर तत्काल टिकट बुकिंग के नाम पर खेल चल रहा है. इसकी शिकायत रेलवे बोर्ड के अधिकारियों को मिली थी. इसके बाद गुरुवार को बोर्ड की विजिलेंस टीम में काउंटर पर पांच घंटे की जांच की और अपने साथ महत्वपूर्ण फाइल और कुछ कंप्यूटर डाटा भी लेती गयी.
जिसकी जांच के बाद ही पूरी जानकारी मिल सकेगी. इस संबंध में बुकिंग क्लर्क से भी पूछताछ की गयी.
रेलवे बोर्ड की विजिलेंस टीम ने गुरुवार को तत्काल टिकटों की कालाबाजारी व टिकट काउंटर पर अनियमितता की शिकायत मिलने के बाद जांच की. सोनुवा रेलवे स्टेशन स्थित बुकिंग काउंटर पर छापेमारी की गयी. विजिलेंस की टीम सादे लिवास में पहुंची और टिकट कांउटर के आस-पास घुमने लगी.
इस दौरान उपस्थित दलाल अनजान चेहरे को देखकर भाग खड़े हुए़ टीम ने सोनुवा स्टेशन में करीब पांच घंटे तक जांच-पड़ताल की और दस्तावेजों की जांच की. निरीक्षण टीम में विजिलेंस अधिकारी राजेश खन्ना, डीके चौहान, सुशील कुमार व मंसुर आलम शामिल थ़े इस दौरान उन्होंने टिकट हेराफेरी से संबंधित सदिंग्ध कागजात को जब्त कर अपने साथ ले गये.
उन्होंने बुंकिग काउंटर में तैनात क्लर्क अमित कुमार सिंह से आवश्यक पूछताछ भी की. टीम के अधिकारी ने स्टेशन अधीक्षक ए सोरेन से भी इस बारे में जानकारी ली. निरीक्षण टीम के अधिकारी ने बताया कि सोनुवा में तत्काल टिकटों में गड़बड़ी की शिकायत विभाग को मिली थी. उन्होंने ने बताया कि जांच के दौरान कंप्यूटर में डाटा में गड़बडी पायी गयी है. जिस पर अभी कारवाई चल रही है.
