चाईबासा में प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय ने कांग्रेस पर साधा निशाना
कार्यकर्ताओं को दिया गांव चलो, घर-घर चलो का नारा
चाईबासा : केंद्र में सत्तासीन यूपीए सरकार के भ्रष्टाचार व शोषण के कारण देश की जनता हताशा के दौर से गुजर रही है. जनता की आस अब भाजपा पर टिकी हुई है. ऐसे में राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा को स्थापित करने के लिये पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बढ़ चुकी है.
यह उदगार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ रवींद्र राय ने बुधवार को चाईबासा के गितिलपी से भाजपा के मिशन 2014 का आगाज करते हुए व्यक्त किया. भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन के मंच से रवींद्र राय ने पार्टी कार्यकर्ताओं को लक्ष्य दिखाया तो विपक्षियों खासकर कांग्रेस पर सीधा हमला बोला.
भाजपाईयों में जोश भरते हुए रवींद्र राय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता देश के लिये काम करता है, समाज सेवा के लिये वह भाजपा का सदस्य बनता है, इसलिये चुनाव के समय छल व बल से जनता को दिग्भ्रमित नहीं होने देने में वह अहम जिम्मेदारी निभाये.
कार्यकर्ताओं को गांव चलो, घर-घर चलो का नारा देते हुए राय ने कहा कि भाजपा ने झारखंड को बनाया है तथा इसे गलत हाथों में जाने से बचाने की जिम्मेदारी भी उसकी है. झारखंड को कोई अनाथ न समझे जब तक इस राज्य में एक भी भाजपा का कार्यकर्ता मौजूद है. उन्होंने कहा कि झारखंड का गठन शांति के लिये हुआ था. लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में रोजाना आधे दर्जन लोग मर रहे है. मां बहनों की आबरू लूटी जा रही है. प्रदेश में सत्तासीन इस बुरी ताकत को उखाड़ फेंकना है.
पद के साथ कद भी बढ़ायें पदाधिकारी
पार्टी के पदाधिकारियों से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि पद के साथ-साथ कद बढ़ाने का काम करे. अगर कार्यकर्ता तक वे अपनी भावना नहीं पहुंचा सकते तो लोगों तक किस तरह पहुंचायेंगे उन्होंने गांव चलों, घर-घर चलों के पार्टी के नारे के तहत काम करने की अपील की.
