चाईबासा : पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता हरेंद्र मिश्र ने अपने आवास में लगे शीशम के पेड़ को बिना किसी आदेश के ही कटवा दिया. पेड़ काटने के बाद उसकी आरे से चिरायी की गयी एवं उसे पटरा बना दिया गया.
यह क्रम चल रही रहा था कि शनिवार को सूचना पाकर मीडियाकर्मी मौके पर पहुंच गये. यह देखकर मजदूरों से पटरा और कटे पेड़ को आवास की बाउंड्री से बाहर फेंकने का प्रयास किया गया. पेड़ काटकर पटरा बनाने का काम पिछले तीन दिनों से चल रहा था.
दरअसल कार्यपालक अभियंता ने 16 सितंबर को पेड़ काटने का आदेश प्राप्त करने के लिए सदर सीओ को आवेदन किया था.
यह आवेदन सीओ के पास 21 सितंबर की दोपहर एक बजे पहुंचा. सीओ ने तत्काल हल्का कर्मचारी को रिपोर्ट तैयार करने का आदेश दिया. हल्का कर्मचारी ने 21 तारीख को पेड़ काटे जाने से संबंधित कोई प्रक्रिया पूरी नहीं की. जबकि इस दौरान ही पेड़ काट दिया गया. सूचना पाकर रेंजर गणोश मौके पर पहुंचे पर अभियंता से मिलकर लौट गये.
