टोंटो : प्रखंड के कोंदोवा पंचायत अंतर्गत दोकट्टा महाबुरू टोला में घर में खेल रही तीन वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास पड़ोसी युवक द्वारा किया गया. घटना रविवार दोपहर करीब तीन बजे की बतायी जा रही है. पीड़िता अपने दो भाइयों (सात वर्ष व पांच वर्ष) के साथ अपने घर के आंगन में खेल रही थी.
उसी समय पड़ोसी सोरेन हांसदा उनके घर आया. उसने बच्ची को गोद में उठाया और कमरे में घुस गया. इसके पश्चात बच्ची के रोने की आवाज सुनकर दोनों भाईयों ने घर के दरवाजे से भीतर देखा. उन्होंने देखा कि सोरेन बच्ची के कपड़े उतार कर छेड़छाड़ व गलत हरकत का प्रयास कर रहा है.
यह देख दोनों भाई चिल्लाने और रोने लगे. उनकी आवाज सुन कर सोरेन घर से निकलकर भाग गया. घटना के समय जोरदार बारिश हो रही थी, जिससे आस–पास के लोगों को इसका पता नहीं चल पाया. उस समय बच्ची के माता–पिता मवेशी चराने गये थे और पीड़िता की बड़ी बहन खेतों में काम करने गयी थी. माता–पिता के घर आने पर बच्चों ने घटना की जानकारी उन्हें दी. शाम हो जाने के कारण उन्होंने यह बात किसी को नहीं बतायी.
सुबह पीड़िता के माता–पिता ने ग्रामीण मुंडा को इसकी जानकारी दी. लेकिन ग्रामीण मुंडा ने बात को अनसुना कर दिया. मुंडा द्वारा भी घटना को दबाने का प्रयास किया गया. दूसरी ओर पीड़िता के पिता ने बताया कि घटना को अंजाम देने का प्रयास करने वाले सोरेन हांसदा ने भी उन्हें घटना की जानकारी किसी को नहीं देने के लिए धमकाया. घटना की जानकारी अब तक पुलिस को नहीं दी गयी है.
