औरंगाबाद (ग्रामीण) : राष्ट्रीय राज मार्ग दो पर फॉर्म के समीप भूमि की चहारदीवारी के निर्माण में लगे मजदूर को पिटाई किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. घटना शुक्रवार को हुई है.
इस संबंध में पीड़ित मजदूर अरविंद राम, निवासी राजपुर थाना मुफस्सिल के बयान पर अनुसूचित जाति थाने में अनुसूचित जाति अत्याचार अधिनियम का मामला दर्ज किया गया है.
इसमें कामा बिगहा गांव के महेंद्र यादव और सुरेंद्र यादव को आरोपित बनाया गया है. पुलिस को दिये बयान में अरविंद राम ने कहा है कि इंडिया एजेंसी संचालक मुन्ना सिंह की भूमि पर चहारदीवारी का निर्माण किया जा रहा था.
इस काम में महावीर राम, मुन्ना राम, सुरेंद्र राम व अन्य मजदूर काम कर रहे थे. इसी दौरान आरोपित उक्त स्थल पहुंचे और बालू नहीं लिये जाने की बात कह जाति सूचक वाक्य का प्रयोग कर प्रताड़ित किया.
इस संबंध में अनुसूचित जाति थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पाकर जब वहां पहुंचे, तो महेंद्र यादव पुलिस के साथ उलझ पड़ा.
हाथापाई की, फिर भी उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. अरविंद राम के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. एक अन्य आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
