बड़बिल : रुगुडी थाना क्षेत्र स्थित बारहबांक घाटी एनएच 215 पर बाइक दुर्घटना में एक रोजेदार की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया. उसे जोड़ा टिस्को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना गुरुवार 18 जुलाई सुबह 11 बजे घटी.
जोड़ा मार्केट निवासी मोहम्मद फिरोज (30) अपने मौसेरे भाई मोहम्मद वासिम उर्फ टिंकू (26) के साथ बाइक पर रु गुडी स्थित अपने मोबाइल दुकान खोलने के लिए जोड़ा घर से सुबह 10.30 बजे निकले थे. बारहबांक एनएच पर बाइक चला रहे फिरोज के सिर में चक्कर आया.
इससे बाद अनियंत्रित बाइक एक खंबे से जा टकरायी. दोनों को गंभीर अवस्था में जोड़ा टिस्को अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान फिरोज की मौत हो गई जब वासिम का इलाज चल रहा है. फिरोज और वासिम ने हर दिन की तरह गुरुवार को भी रोजा रखा था. माना जा रहा है कि भूख में सफर के दौरान सिर चकराने से तेज गति के कारण नियंत्रण खोने से दुर्घटना घटी.
