चक्रधरपुर : बुधवार को चक्रधरपुर के 159 में से 132 बूथों में ग्राम सभा का आयोजन कर विलोपित होने वाले मतदाताओं के सूची की समीक्षा की गई. मतदान केंद्रों में आयोजित ग्राम सभा संबंधित बूथ के बीएलओ द्वारा बुलायी गयी थी.
जिसमें मुखिया, वार्ड सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड पार्षदों ने हिस्सा लिया. संबंधित मतदान केंद्र के मतदाताओं व ग्राम वासियों को भी ग्राम सभा में बुलाया गया था. किसी बूथ में काफी भीड़ हुई तो कहीं काफी कम ही लोग जमा हुए. ग्राम सभा में बीएलओ द्वारा विलोपित होने वाले मतदाताओं की सूची पढ़ कर सुनायी गयी. तसवीर नहीं देने के कारण जिन मतदाताओं का नाम सूची से काट दिया गया था, उनसे तसवीर की मांग की गई.
जिन मतदाताओं ने तसवीर मुहैया कराया, उनसे नाम शामिल करने के लिए प्रपत्र-6 भराया गया. मतदाता सूची से नाम विलोपित करने के पहले एक एक मतदाताओं की समीक्षा की गयी. समीक्षा के दौरान मृत व स्थानांतरित तथा रिपीटर मतदाताओं का नाम सूची से हटाने का प्रस्ताव लिया गया. जिन मतदाताओं द्वारा तसवीर मुहैया करायी गई उनका नाम विलोपित सूची से हटा दिया गया.
मालूम रहे कि चक्रधरपुर के 794 मतदाताओं का नाम काटने से पहले फिर से उसकी समीक्षा की गयी. कुल 132 बूथों में मतदाताओं की जांच बीएलओ द्वारा किया गया. चक्रधरपुर में 159 बूथ हैं. जिनमें से 27 बूथों के मतदाताओं की जांच नहीं की जानी है. चुनाव आयोग द्वारा पूर्व में दिये गये नोटिस (प्रपत्र-13) को नहीं माने जाने के कारण सभी 794 मतदाताओं के आक्षेपकर्ता को फिर से नोटिस जारी की गयी है.
जिन मतदाताओं का नाम विलोपित किया जाना है, उनके आक्षेपकर्ताओं को नोटिस दी गई है. नोटिस के मुताबिक प्रखंड कार्यालय स्थित सहायक निर्वाचन पदाधिकारी चक्रधरपुर के कार्यालय में 8 जुलाई को आवेदनों की सुनवाई होगी. इसके बाद ही मतदाताओं का नाम सूची से हटाया जायेगा.
