चाईबासा : मुख्यमंत्री दाल भात योजना से जहां दाल नदारत थी, वहीं आपूर्ति नहीं होने के कारण बुधवार से दाल भात केंद्रों से चावल भी नदारत हो जाएगी. विभाग की ओर से दाल भात केंद्रों के लिये जुलाई माह का आवंटन नहीं उपलब्ध कराया गया है.
जिसके कारण पिछले दो दिनों से अधिकतर केंदों में जहां यह योजना बंद पड़ी है, वहीं सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित दातभात केंद में बाजार से चावल खरीद कर दो दिनों से लोगों को खाना खिलवाया जा रहा है. चावल उपलब्ध नहीं होने पर बुधवार से इस केंद्र में भी चावल नहीं मिलेगा. मंगलवार को केंद्र पहुंचे लोगों ने इसे लेकर हंगामा किया.
दाल नहीं मिलता, चावल भी दो दिनों में मय्यसर नहीं
केंद्र की संचालिका रसमनी दासव्य ने बताया कि योजना शुरू होने के बाद से ही उन्हें दाल उपलब्ध नहीं कराया जाता है. जबकि जुलाई माह का आवंटन नहीं आने से कारण दो दिन से सरकार द्वारा चावल नहीं उपलब्ध कराया गया. यहीं स्थिति रही तो बुधवार को खाना नहीं बनेगा. योजना के बंद से होने से लोगों को काफी परेशानी होगी.
..और कुछ तो मिलता नहीं
केंद्र के संचालन में सहयोग करने वाले जयकृष्ण दास ने बताया कि सरकार केवल एक रुपये में चावल उपलब्ध करा रही है. दाल, सब्जी के साथ-साथ मसाला, तेल, इंधन व कर्मचारियों का पगार लोगों से लिये जाने वाले पांच रुपये से मैनेज करना पड़ रहा है.
गरीबों को होगी परेशानी
केंद्र में खाना खाने आने वाले दैनिक मजदूर दिनेश राम ने बताया कि मंगलवार को उन्हें खाना काफी देर से मिला. इसके लिये उन्हें अधिक राशि लगने तक की बात कहीं गयी. उन्होंने कहा कि अगर केंद्र बंद हुआ तो उनके जैसे लोगों को परेशानी होगी.
