झींकपानी : मंगलवार की सुबह एक ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतक सुशील सिंकु (55) झींकपानी बाल विकास परियोजना कार्यालय में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी था. वह मूल रूप से कुमारडुंगी के मोड़दा गांव का निवासी था.
वर्तमान में वह ताकता बाजार झींकपानी में रह रहा था. सुबह लगभग पांच बजे वह साइकिल से झींकपानी स्थित कार्यालय परिसर की साफ-सफाई कर अपने निवास ताकता बाजार लौट रहा था. उसी दौरान दत्ता मेडिकल स्टोर के समीप लोडेड ट्रक संख्या (जेएच02वी-7152) ने पास उसे पीछे से धक्का मार दिया.
ट्रक उसे कुचलते हुए निकल गया. दुर्घटना के बाद ट्रक चालक गाड़ी को एसीसी झींकपानी के ट्रक पार्किग में खड़ी कर फरार हो गया. ट्रक की गति काफी तेज थी. जिससे ट्रक ने मृतक को रौंदते हुए साइकिल को भी कुचल दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेजा.
