चाईबासा : ठेकेदार का टेंडर पेपर देने के नाम पर देर रात दरवाजा खुलवा कर गुवा सेल माइंस के सहायक महाप्रबंधक आरसी सिंह के घर पर अपराधियों ने लूटपाट की. अपराधियों ने रिवॉल्वर की नोक पर आरसी सिंह तथा उनकी पत्नी को रस्सी से बांध दिया था. इसके बाद अलमारी की चाबी लेकर 10 हजार रुपये नकद तथा पांच लाख के जेवरात लूट लिये.
तकरीबन सावा घंटे तक चले लूटपाट के बाद अपराधी भाग निकले. रात लगभग 12 बजे श्री सिंह किसी तरह बंधन से मुक्त हुए और थाने पहुंच कर घटना की जानकारी पुलिस को दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आयी.
रात में ही अपराधियों को पकड़ने के लिए गश्त तेज कर दी गयी, पर तब तक अपराधी अंधेरे का लाभ उठा कर भागने में सफल रहे. अपराधियों ने लूटपाट के दौरान श्री सिंह के साथ मारपीट भी की. उनके चेहरे पर खरोंच के निशान दिख रहे थे.
